केरल में UDF सरकार के मंत्रियों को ₹97,429 मासिक वेतन और अन्य सुविधाएँ मिलती हैं। मुख्यमंत्री को लगभग ₹1,85,000 मासिक वेतन के साथ बंगला, कार, मुफ्त इलाज और आजीवन पेंशन जैसी सुविधाएँ भी प्राप्त होती हैं।
तिरुवनंतपुरम: केरल में 10 साल के बाद UDF की सरकार बनी है और वी.डी. सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके साथ 20 और सदस्यों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। अब इन मंत्रियों का काम अपने-अपने विभागों को संभालना, विधानसभा में विपक्ष के सवालों का जवाब देना और जनता की भलाई के लिए काम करना है। चलिए जानते हैं कि इन कैबिनेट मंत्रियों को सरकार से हर महीने कितनी सैलरी और कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं।

मंत्रियों की बेसिक सैलरी तो सिर्फ 2000 रुपये है। लेकिन उन्हें हर महीने 38,429 रुपये का महंगाई भत्ता (DA) मिलता है। इसके अलावा, निर्वाचन क्षेत्र भत्ते के तौर पर 40,000 रुपये और यात्रा भत्ते के लिए 17,000 रुपये दिए जाते हैं। इस तरह, एक मंत्री को हर महीने कुल 97,429 रुपये सैलरी मिलती है। सैलरी के अलावा, मंत्रियों और उनके परिवार को पूरा मेडिकल कवर भी मिलता है। उन्हें 10 लाख रुपये का व्हीकल एडवांस और 20 लाख रुपये का हाउस एडवांस लेने की भी सुविधा है। साथ ही, हर मंत्री को एक सरकारी बंगला, एक कार और एक पायलट गाड़ी भी दी जाती है।
मुख्यमंत्री की सैलरी और सुविधाएं
अब बात मुख्यमंत्री की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री बनने पर वी.डी. सतीशन को हर महीने बेसिक सैलरी और भत्ते मिलाकर करीब 1,85,000 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा, उन्हें यात्रा के लिए एक सरकारी गाड़ी और सुरक्षा के लिए पायलट गाड़ियां भी मिलेंगी। इतना ही नहीं, केरल के मुख्यमंत्री को ट्रेन और हवाई यात्रा के लिए भी खास ट्रैवल अलाउंस और सुविधाएं मिलती हैं। मुख्यमंत्री और उनके परिवार को पूरी तरह से मुफ्त इलाज की सुविधा भी दी जाती है। अगर मुख्यमंत्री अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा कर लेते हैं, तो उन्हें आजीवन पेंशन भी मिलती है। रहने के लिए मुख्यमंत्री को 'क्लिफ हाउस' नाम का सरकारी बंगला मिलता है, जिसकी 24 घंटे कड़ी सुरक्षा की जाती है।
