Viral Video: तिरुवनंतपुरम के KPCC दफ्तर में हुआ एक छोटा-सा पल अब बड़ा राजनीतिक विवाद बन गया है। वायरल वीडियो में नई MLA बिंदु कृष्णा कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप से दूरी बनाती दिखीं, लेकिन कैमरे में कैद हर हरकत ने सोशल मीडिया पर सवालों का तूफान खड़ा कर दिया। अब ‘अनचाहा हग’, ‘महिला असहजता’ और ‘कांग्रेस विवाद’ जैसे कीवर्ड्स तेजी से ट्रेंड कर रहे हैं। 

Kerala MLA Viral Video: केरल की राजनीति में उस वक्त बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब तिरुवनंतपुरम स्थित कांग्रेस मुख्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में वरिष्ठ कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप को नई चुी गई MLA बिंदु कृष्णा को गले लगाने की कोशिश करते हुए देखा गया, जबकि बिंदु कृष्णा बार-बार खुद को पीछे हटाती और असहजता जाहिर करती नजर आईं। यह घटना केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) मुख्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक के दौरान हुई। कैमरों, पत्रकारों और पार्टी नेताओं की मौजूदगी में हुई इस घटना ने अब राजनीतिक मर्यादा, महिला सम्मान और व्यक्तिगत सीमाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कैमरे में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

वायरल वीडियो में कोल्लम से चुनी गई MLA बिंदु कृष्णा पार्टी कार्यालय पहुंचती दिखाई देती हैं। सफेद और पीले रंग की साड़ी पहने बिंदु कृष्णा सबसे पहले मीडिया और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करती हैं। इसके बाद वरिष्ठ नेता चेरियन फिलिप उनके पास आते हैं। बिंदु कृष्णा हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाती हैं, लेकिन वीडियो में दिखता है कि फिलिप हाथ मिलाने के बजाय उन्हें गले लगाने की कोशिश करते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने बिंदु कृष्णा की गर्दन के चारों ओर हाथ डालने की कोशिश की और उनका हाथ नीचे करने का प्रयास भी किया। इसी दौरान बिंदु कृष्णा साफ तौर पर असहज दिखीं और उन्होंने पीछे हटते हुए फिलिप को दूर करने की कोशिश की। वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि पहले प्रयास के बाद भी फिलिप दोबारा करीब आने की कोशिश करते हैं। इसके बाद बिंदु कृष्णा हाथ जोड़कर नमस्कार करती हैं और तुरंत वहां से आगे बढ़ जाती हैं।

Scroll to load tweet…

वीडियो पर सोशल मीडिया में गुस्सा

घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने सवाल उठाया कि जब महिला नेता स्पष्ट रूप से असहज थीं, तब भी उनकी व्यक्तिगत सीमा का सम्मान क्यों नहीं किया गया। कुछ यूज़र्स ने इसे “अनुचित व्यवहार” बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से कार्रवाई की मांग की। वहीं कई लोगों ने मौके पर मौजूद नेताओं और पत्रकारों के मुस्कुराने पर भी नाराज़गी जताई। एक यूज़र ने लिखा, “जब कोई महिला पीछे हट रही हो, तब किसी भी तरह का शारीरिक संपर्क तुरंत रोक देना चाहिए।” दूसरे यूज़र ने इसे “सार्वजनिक मंच पर असहज करने वाली घटना” बताया।

कांग्रेस पर बढ़ा दबाव, लेकिन दोनों नेताओं की चुप्पी बरकरार

विवाद बढ़ने के बावजूद अब तक न तो चेरियन फिलिप और न ही बिंदु कृष्णा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। कांग्रेस पार्टी ने भी इस मामले पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या सार्वजनिक जीवन में वरिष्ठता किसी की व्यक्तिगत सहमति और सीमाओं से ऊपर हो सकती है? वायरल वीडियो ने सिर्फ एक राजनीतिक विवाद नहीं खड़ा किया, बल्कि यह बहस भी तेज कर दी है कि सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं की असहजता को कितनी गंभीरता से लिया जाता है और क्या कैमरों के सामने भी सीमाओं का सम्मान करना अब राजनीतिक संस्कृति का अनिवार्य हिस्सा बनना चाहिए।