Lashkar Terrorist Chaudhry Sarwar: पाकिस्तान के लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा का खूंखार आतंकी चौधरी मोहम्मद सरवर एक इमारत से गिरकर संदिग्ध हालात में मारा गया है। वह आतंकी संगठन के लिए फंड जुटाने का मुख्य काम संभालता था।
Chaudhry Mohammad Sarwar: भारत के 25 से ज्यादा मोस्ट वांटेड आतंकी पाकिस्तान में रहस्यमयी तरीके से मारे जा चुके हैं। इसी कड़ी में अब लश्कर-ए-तैयबा का खूंखार आतंकी चौधरी मोहम्मद सरवर भी लाहौर में एक इमारत से गिरकर मारा गया है। दिलचस्प बात ये है कि बॉलीवुड फिल्म 'धुरंधर' में भी आतंकी संगठनों का पैसा संभालने वाला एक किरदार बिल्कुल इसी तरह इमारत से गिरकर मरता है। इसलिए सरवर की मौत में भी 'धुरंधर' स्टाइल के ऑपरेशन का शक जताया जा रहा है।
निर्माणाधीन इमारत से गिरकर मौत
अमेरिका से अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित हो चुका और लश्कर का संस्थापक सदस्य चौधरी मोहम्मद सरवर उर्फ अबू हाशिम रविवार को संदिग्ध हालात में मारा गया। 'धुरंधर' फिल्म में पाकिस्तान के जाली नोटों के सरगना जावेद खनानी को भी एक निर्माणाधीन इमारत से गिरकर मरते हुए दिखाया गया था। बताया जा रहा है कि सरवर भी बिल्कुल उसी तरह एक निर्माणाधीन इमारत से नीचे गिरा, जिससे उसकी मौत पर शक और गहरा गया है।
आखिर कौन था ये आतंकी?
सरवर लश्कर की राजनीतिक विंग 'पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग' के नाम पर पंजाब प्रांत में आतंकी संगठन के लिए चंदा इकट्ठा करता था। वह आतंकी हाफिज सईद और लश्कर के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी का बेहद करीबी था। कुछ महीने पहले उसके बेटे की भी एक सड़क हादसे में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
साल 2000 की शुरुआत से ही सरवर लश्कर में कई अहम पदों पर रहा। साल 2016 में अमेरिकी कानून विभाग ने उसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया था। उस वक्त वह लाहौर में लश्कर का चीफ था।
टेरर फंडिंग का था आरोप
लश्कर के लिए फंड जुटाने में सरवर का सीधा हाथ था। उस पर आरोप था कि वह देश के पारंपरिक वित्तीय सिस्टम का इस्तेमाल करके आतंकी संगठन के लिए पैसा इकट्ठा करता था।






