Bengaluru Home Buying Confusion Viral Post: क्या बेंगलुरु में बढ़ते लेऑफ्स के बीच घर खरीदना सही फैसला है? क्या 30 साल की EMI नौकरी की अनिश्चितता में बड़ा जोखिम बन सकती है? क्या लोग अब किराए पर रहकर निवेश को अपने होमटाउन तक सीमित कर रहे हैं? रेडिट पर वायरल पोस्ट ने इसी सवाल को फिर से चर्चा में ला दिया है।
Viral Reddit Post: बेंगलुरु में काम करने वाले एक युवा प्रोफेशनल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी ऐसी दुविधा शेयर की है, जो आज कई मिडिल क्लास नौकरीपेशा लोगों की सच्चाई बनती जा रही है। बढ़ते लेऑफ्स और जॉब सिक्योरिटी की अनिश्चितता के बीच उसने अपना पहला घर खरीदने का प्लान फिलहाल रोकने का मन बना लिया है। उसका कहना है कि 30 साल का होम लोन और भारी EMI अब पहले से ज्यादा जोखिम भरा लगने लगा है।

नौकरी की चिंता ने बदल दिया घर खरीदने का प्लान
रेडिट पोस्ट में यूजर ने बताया कि पहले वह बेंगलुरु में अपना घर लेने की तैयारी कर रहा था, लेकिन हाल के समय में आई छंटनी की खबरों ने उसे सोचने पर मजबूर कर दिया है। उसे डर है कि अगर नौकरी पर संकट आया तो लंबी अवधि की EMI चुकाना मुश्किल हो सकता है। उसने लिखा कि अब वह बेंगलुरु में रेंट पर रहने और अपने होमटाउन में सस्ते प्रॉपर्टी में निवेश करने के ऑप्शन पर विचार कर रहा है।
किराए का घर या लंबे लोन का बोझ? उलझन बढ़ी
यूजर ने यह भी बताया कि उसके आसपास कई लोग इसी तरह की स्थिति से गुजर रहे हैं। उसने कहा कि उसका मन अब दो रास्तों में बंट गया है या तो बेंगलुरु में रहकर किराए पर घर लेना जारी रखे या फिर शहर छोड़कर अपने शहर में कम कीमत वाली प्रॉपर्टी खरीद ले। उसके अनुसार, आज के समय में 30 साल का लोन लेना मानसिक तनाव भी बढ़ा रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक सिटी की एक मिसाल ने बढ़ाई चिंता
उसने अपने एक दोस्त का उदाहरण भी दिया जो इलेक्ट्रॉनिक सिटी में अपना फ्लैट बेचने की कोशिश कर रहा है, लेकिन खरीदार नहीं मिल रहे। इस बात ने उसकी चिंता और बढ़ा दी है कि कहीं रियल एस्टेट मार्केट में गिरावट तो नहीं आ रही या फिर फ्लैट्स की रीसेल वैल्यू कमजोर पड़ रही है।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी राय दी। कुछ यूजर्स ने कहा कि ऐसी अनिश्चितता में सावधानी बरतना बिल्कुल सही है। उनका मानना है कि घर खरीदने का फैसला ऐसा होना चाहिए जो मानसिक शांति दे, न कि आर्थिक दबाव बढ़ाए। कई लोगों ने सलाह दी कि जरूरत हो तो बजट कम करें, लोकेशन बदलें या कुछ समय के लिए फैसला टाल दें। यह चर्चा एक बार फिर दिखाती है कि आज के समय में घर खरीदना सिर्फ एक निवेश नहीं, बल्कि जॉब सिक्योरिटी और फाइनेंशियल प्लानिंग से जुड़ा बड़ा फैसला बन चुका है।


