LDA Lake View Apartment: लखनऊ के गोमती नगर विराज खंड में LDA ने ‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ योजना लॉन्च की है। 646 प्रीमियम 3BHK फ्लैट्स, स्विमिंग पूल, क्लब हाउस और झील व्यू जैसी सुविधाओं के साथ यह प्रोजेक्ट राजधानी के लग्जरी हाउसिंग सेक्टर में बड़ा बदलाव ला सकता है।
LDA Launches Luxury Lake View Apartment: लखनऊ में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी के सबसे पॉश इलाकों में शामिल गोमती नगर के विराज खंड में अब एक नया लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है। Lucknow Development Authority (LDA) ने ‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ योजना लॉन्च कर दी है, जिसे राजधानी की हाई-एंड रेजिडेंशियल परियोजनाओं में गिना जा रहा है।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया गया है। इसके साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जो 18 जून 2026 तक चलेगी।
गोमती नगर के प्रीमियम लोकेशन पर बनेगा प्रोजेक्ट
‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ परियोजना गोमती नगर के विराज खंड में विकसित की जाएगी, जिसे लखनऊ का सबसे विकसित और प्रीमियम रिहायशी इलाका माना जाता है। यह क्षेत्र शहीद पथ, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, अवध बस स्टेशन, सिनेपॉलिस मॉल, बड़े अस्पतालों और प्रतिष्ठित स्कूलों के बेहद करीब स्थित है। लोकेशन के लिहाज से यह प्रोजेक्ट उन लोगों के लिए खास माना जा रहा है, जो बेहतर कनेक्टिविटी और लग्जरी लाइफस्टाइल दोनों चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ गोमती रिवर फ्रंट हुआ पुराना! अब 300 एकड़ में बनने जा रहा है 'गोमती रिवर फॉरेस्ट'
19 मंजिला तीन टावरों में बनेंगे 646 प्रीमियम फ्लैट
एलडीए के अनुसार इस प्रोजेक्ट में करीब 60 मीटर ऊंचाई वाले 19 मंजिला तीन टावर बनाए जाएंगे। इन टावरों में कुल 646 प्रीमियम फ्लैट्स होंगे। हर फ्लैट 3BHK प्लस सर्वेंट रूम कॉन्फिगरेशन में तैयार किया जाएगा। फ्लैट का क्षेत्रफल लगभग 2340 वर्ग फीट होगा। प्रति फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये तय की गई है। प्रोजेक्ट का आर्किटेक्चर आधुनिक और हाई-एंड डिजाइन पर आधारित होगा, ताकि लोगों को प्रीमियम रहने का अनुभव मिल सके।
ऑनलाइन आवेदन और लॉटरी से होगा आवंटन
फ्लैट खरीदने के इच्छुक लोग एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- सामान्य वर्ग के आवेदकों को कुल कीमत का 5 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा।
- आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत रखी गई है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लैटों का आवंटन लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा।
अपार्टमेंट में मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ की सबसे बड़ी खासियत इसके पास मौजूद प्राकृतिक झील और हरियाली होगी। इसके साथ ही प्रोजेक्ट में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें शामिल हैं:
- जॉगिंग ट्रैक
- स्विमिंग पूल
- विशाल पार्क
- बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया
- इनडोर गेम्स
- भव्य क्लब हाउस
- आधुनिक एंटरटेनमेंट जोन
- 24 घंटे बिजली व्यवस्था
- हाई सिक्योरिटी सिस्टम
- 1000 से ज्यादा वाहनों के लिए पार्किंग
- कमर्शियल दुकानें
एलडीए का दावा है कि यह परियोजना लोगों को “लाइव, वर्क और रिलैक्स” का आधुनिक अनुभव देगी।
760 करोड़ की लागत, 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य
जानकारी के मुताबिक इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 760 करोड़ रुपये तय की गई है। निर्माण कार्य को अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, आवंटियों को पांच साल के भीतर फ्लैट की चाबियां सौंपने की योजना बनाई गई है।
आसान किस्तों में जमा कर सकेंगे रकम
एलडीए ने खरीदारों की सुविधा के लिए आसान भुगतान विकल्प भी रखा है।
- आवंटी 36 महीनों यानी 3 साल की आसान किस्तों में शेष राशि जमा कर सकेंगे।
- यदि कोई आवंटी 45 से 90 दिनों के भीतर पूरी राशि जमा करता है, तो उसे कुल कीमत पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।
लखनऊ के रियल एस्टेट सेक्टर को मिलेगा बड़ा बूस्ट
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि ‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ परियोजना राजधानी के प्रीमियम हाउसिंग मार्केट को नई दिशा दे सकती है। गोमती नगर पहले से ही निवेश और हाई-एंड रिहायशी प्रोजेक्ट्स के लिए पसंदीदा इलाका माना जाता है। ऐसे में एलडीए की यह नई योजना न केवल शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगी, बल्कि लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट में भी बड़ा बदलाव ला सकती है।
यह भी पढ़ें: Twisha Sharma Case: ट्विशा छत पर गई, फिर कुछ ऐसा हुआ कि.... देखिए मौत से पहले का CCTV वीडियो
