Delivery Boy Leopard Video: इंदौर के बिचौली मर्दाना इलाके में डिलीवरी बॉय पर तेंदुए ने अचानक हमला करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वन विभाग और पुलिस तेंदुए की तलाश में जुटी है, जबकि लोगों को रात में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Leopard Attack On Biker In Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार रात एक डिलीवरी बॉय की जान उस वक्त बाल-बाल बच गई, जब सुनसान सड़क पर अचानक एक तेंदुआ उसके सामने आ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेंदुआ अचानक बाइक सवार की ओर झपटता दिखाई देता है। गनीमत रही कि डिलीवरी बॉय ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते वहां से निकल गया।
सड़क पर अचानक सामने आया तेंदुआ
यह घटना इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिछोली मर्दाना इलाके में रात करीब 8:30 बजे हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक डिलीवरी बॉय बाइक से जा रहा था। तभी सड़क पर घूम रहे तेंदुए को देखकर उसने तुरंत बाइक रोक दी। कुछ ही सेकंड बाद तेंदुआ उसकी ओर झपटा, लेकिन फिर दिशा बदलकर आगे बढ़ गया। मौके का फायदा उठाकर डिलीवरी बॉय वहां से सुरक्षित निकल गया।
यह भी पढ़ें: कुछ घंटों में साफ हो गए 9 लाख करोड़ रुपये! जानिए शेयर बाजार क्यों टूटा
घर के बाथरूम में घुसा, फिर दूसरे इलाके की ओर भागा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद तेंदुआ पास के एक मकान के बाथरूम में घुस गया। कुछ मिनट बाद वह वहां से निकलकर श्रीजी वैली इलाके की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस और वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
वन विभाग और पुलिस ने आसपास की कॉलोनियों और गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से रात में बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है। अधिकारियों का मानना है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तेंदुआ खुडैल के जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में ROB-RUB परियोजनाओं पर बड़ा एक्शन, अफसरों को मिला अल्टीमेटम
