LPU Student Protest: पंजाब के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के बाहर छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। कैंपस में कथित रेप की घटना के विरोध में छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर हाईवे जाम जाम कर दिया और गाड़ियों में आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फगवाड़ा (पंजाब): रविवार को फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के बाहर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। कैंपस में एक छात्रा के साथ कथित रेप की खबर के बाद छात्रों ने जमकर बवाल काटा। प्रदर्शन इतना हिंसक हो गया कि छात्रों की पुलिस के साथ झड़प हो गई और कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। गुस्से में आए छात्रों ने नेशनल हाईवे भी जाम कर दिया।
जालंधर के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि इस बवाल में कई पुलिसवालों को चोटें आई हैं। उन्होंने कहा, "हमारे पुलिसकर्मियों को चोट लगी है और पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है।"
यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रा से रेप हुआ या नहीं?
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले की सच्चाई जानने के लिए जांच चल रही है। अभी तक पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि कैंपस में किसी छात्रा के साथ रेप हुआ है या नहीं। आरोपी की पहचान भी अभी नहीं हो पाई है। चूंकि जांच जारी है, इसलिए फिलहाल कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है।
क्या बोले- LPU यूनिवर्सिटी के डीन
- LPU के डीन सौरभ लखनपाल ने ANI से बातचीत में कहा कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों की चिंताओं को बहुत गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि छात्रों को सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए और उस कमरे की भी तलाशी ली गई जिसके बारे में वे बात कर रहे थे। लखनपाल ने कहा, "जब छात्रों ने हमें यह बात बताई, तो हमने तय किया कि इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।"
- उन्होंने आगे कहा कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों को पूरा सपोर्ट देने का भरोसा दिया है और उनसे औपचारिक शिकायत दर्ज कराने को कहा है। लखनपाल के मुताबिक, जैसे-जैसे यूनिवर्सिटी ने मामले की गहराई से जांच की, उन्हें लगा कि यह पूरा मामला "पूरी तरह से अफवाहों पर आधारित" है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर के कुछ असामाजिक तत्वों ने इस मामले में घुसकर यूनिवर्सिटी का माहौल खराब करने की कोशिश की है।
जानिए क्या है पूरा मामला
- जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि तीन दिन पहले G3 हॉस्टल की एक लड़की के साथ हुए कथित रेप के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सिंगला ने कहा, "आज तड़के 2 बजे LPU के बहुत सारे छात्रों ने यहां नेशनल हाईवे ब्लॉक कर दिया। उनकी मुख्य मांग यह थी कि तीन दिन पहले G3 हॉस्टल की एक लड़की का रेप हुआ है और अब तक इस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया।"
- डीआईजी ने बताया कि पुलिस ने छात्रों का बयान दर्ज कर लिया है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, "हमने उनका बयान ले लिया है। एफआईआर दर्ज की जा रही है और जल्द ही उन्हें इसकी कॉपी मिल जाएगी।"
- सिंगला ने साफ किया कि शिकायत में G3 हॉस्टल की लड़की के साथ रेप की बात कही गई है, इसलिए फिलहाल अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक पीड़ित लड़की की पहचान साफ नहीं हो पाई है और यह जांच का हिस्सा है।

