LPU Protest Update: एलपीयू में 10 दिनों के लिए क्लासेस सस्पेंड कर दी गई हैं। मिड-टर्म परीक्षाएं टाल दी गई हैं और छात्रों को घर जाने की छूट मिली है। पढ़ें ताजा अपडेट।
Lovely Professional University Mid-Term Exams Postponed: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में जबरदस्त हंगामे और तनावपूर्ण माहौल के बाद प्रशासन ने बहुत बड़ा कदम उठाया है। यूनिवर्सिटी कैंपस में सोमवार, 28 सितंबर से अगले 10 दिनों के लिए सभी रेगुलर क्लासेज को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी ने चल रही मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक टालने का आधिकारिक नोटिस जारी किया है। आइए जानते हैं यूनिवर्सिटी के नए आदेश में छात्रों के लिए क्या निर्देश हैं और पूरा मामला क्या है...
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के नए आदेश में क्या-क्या है?
- यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने छात्रों की सुरक्षा का हवाला देते हुए एक सर्कुलर जारी किया है, जिसमें कई अहम निर्देश दिए गए हैं।
- 10 दिन नहीं लगेंगी कक्षाएं, सोमवार से यूनिवर्सिटी की पढ़ाई पूरी तरह बंद रहेगी।
- मिड-टर्म एग्जाम्स को फिलहाल टाल दिया गया है। नई तारीखों की जानकारी यूनिवर्सिटी के ऑफिशियल पोर्टल (UMS) पर दी जाएगी।
- जो छात्र अपने घर लौटना चाहते हैं, वे अपने माता-पिता से बात करके जा सकते हैं।
- जो छात्र कैंपस नहीं छोड़ रहे हैं, उन्हें हॉस्टल में अपने कमरों में ही रहने, बिना वजह बाहर न घूमने और किसी भी तरह के प्रदर्शन या भीड़भाड़ से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है।
LPU में अचानक क्यों भड़का छात्रों का गुस्सा?
विवाद की शुरुआत रविवार तड़के करीब 1 बजे गर्ल्स हॉस्टल नंबर 3 के पास से हुई। छात्रों के बीच खबर फैली कि 3 दिन पहले किसी बाहरी शख्स (प्लंबर) ने एक छात्रा के साथ गलत काम किया है। छात्रों का आरोप था कि वार्डन को बताने के बावजूद मामले को दबाया गया और कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बात से नाराज छात्र सुबह होते-होते सड़कों पर उतर आए और नेशनल हाईवे-44 को पूरी तरह जाम कर दिया।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी: सड़क से कैंपस तक टकराव और आगजनी
छात्रों ने सुबह 8 बजे से ही NH-44 पर धरना दे दिया, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। शाम को जब पुलिस ने रास्ता खुलवाने की कोशिश की, तो टकराव बढ़ गया। पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया, जिसके जवाब में कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। पुलिस की दो गाड़ियां जला दी गईं और चार-पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया। कैंपस के अंदर भी एटीएम और दुकानों में तोड़फोड़ की खबरें आईं। जालंधर और होशियारपुर समेत कई जिलों की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा, जिसके बाद देर रात स्थिति पर काबू पाया गया।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रशासन का क्या कहना है?
LPU प्रशासन ने रेप के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार का कहना है कि ये सिर्फ एक अफवाह है, जिसे कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने और संस्थान की छवि बिगाड़ने के लिए फैलाया है। यूनिवर्सिटी ने हॉस्टल के उसी कमरे में रहने वाली छात्राओं का एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उन्होंने साफ कहा कि ऐसी कोई भी घटना नहीं हुई है। यूनिवर्सिटी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही बिना सिर-पैर की बातों पर ध्यान न दें।
LPU मामले में पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
पुलिस ने रेप की शिकायत के आधार पर अज्ञात शख्स के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले की गहराई से जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बना दी गई है। डीआईजी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स और साइंटिफिक सबूतों की जांच के बाद ही सच सामने आएगा। छात्रों ने हॉस्टल में सिर्फ महिला स्टाफ रखने की मांग की है, जिस पर विचार करने की बात कही गई है।


