Divya Mishra Murder Case: लखनऊ के गोमतीनगर में बैंककर्मी दिव्या मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी पति ने हुसड़िया चौराहे पर बहन को भी गोली मारी और फिर आत्महत्या कर ली। तीन मौतों से राजधानी में सनसनी फैल गई।
लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर अचानक गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। मिठाईवाला चौराहे पर एक बैंक के बाहर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी पति वहां से करीब एक किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे पर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एक के बाद एक हुई तीन मौतों से राजधानी में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो मिठाईवाला चौराहा स्थित ICICI Bank में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करती थीं। शुरुआती जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
बैंक के बाहर पत्नी को मारी गोली, फिर बहन की हत्या
जानकारी के मुताबिक, मानस वाजपेई ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मिठाईवाला चौराहा स्थित ICICI Bank के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा पर कथित तौर पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि महिला को दो गोलियां मारी गईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दिव्या को करीब 1:15 बजे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि कुछ देर बाद हुसड़िया चौराहे से दूसरी वारदात की सूचना मिली। बताया गया कि आरोपी ने अपनी बहन को भी गोली मार दी और इसके बाद खुद को गोली मार ली।
यह भी पढ़ें; दिल्ली में ‘स्पेशल 26’ जैसी फर्जी CBI रेड! बिजनेसमैन की पत्नी ने रखी ऐसी शर्त, भाग निकले नकली अफसर
पत्नी से चल रहा था विवाद, तलाक की अर्जी भी दी थी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिव्या मिश्रा और मानस वाजपेई के बीच विवाद चल रहा था। दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए अदालत में अपील दायर की थी। इसके बाद वह आलमबाग में रह रही थीं।
वहीं, मानस वाजपेई हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन के किराए के मकान में रहता था। जानकारी के अनुसार वह भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत था। दोनों के बीच चल रहे विवाद और तलाक की कार्यवाही को जांच में महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है।
मृतका दिव्या मिश्रा यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन बताई गई हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं और पारिवारिक विवाद की जानकारी जुटा रही है।
WhatsApp Status में लिखा- 'सुसाइड करने जा रहा हूं'
घटना के बाद आरोपी के WhatsApp Status को लेकर भी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद मानस ने एक स्टेटस में पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और अपनी बहन की हत्या का भी जिक्र किया। इसके बाद उसने आत्महत्या करने की बात लिखी।
सोशल मीडिया पर सामने आए ऐसे दावों की पुलिस जांच कर रही है। किसी कथित संदेश या स्टेटस में लगाए गए आरोपों को जांच पूरी होने से पहले तथ्य के रूप में नहीं माना जा सकता।
एक ही घटनाक्रम में तीन मौतों से मचा हड़कंप
गोमतीनगर में हुई इस वारदात ने राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े किए हैं। एक महिला बैंककर्मी की दिनदहाड़े बैंक के बाहर हत्या के बाद आरोपी का मौके से निकल जाना और कुछ ही देर में दूसरी जगह बहन की हत्या कर आत्महत्या कर लेना घटनाक्रम को और गंभीर बनाता है। फिलहाल पुलिस तीनों मौतों से जुड़े घटनाक्रम, हथियार, कथित WhatsApp Status, पति-पत्नी के बीच विवाद और तलाक की कार्यवाही समेत तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या की वास्तविक वजह और घटनाओं की पूरी कड़ी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: इमरान खान को अस्पताल भेजने के पीछे क्या कोई सीक्रेट डील हुई? पाकिस्तानी पत्रकार का बड़ा दावा
