Lucknow Gomti Flood Project: लखनऊ में गोमती बाढ़ से राहत के लिए 115 किमी तटबंध की तैयारी है। इसके ऊपर 4 से 6 लेन सड़क का प्रस्ताव है, जिससे फैजुल्लागंज से नैमिषारण्य तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

लखनऊ में गोमती नदी का बढ़ता जलस्तर हर साल निचले इलाकों के लिए मुसीबत बनता है। लेकिन अब जिस प्रोजेक्ट पर काम की तैयारी शुरू हुई है, वह सिर्फ बाढ़ रोकने तक सीमित नहीं रहेगा। योजना जमीन पर उतरी तो फैजुल्लागंज से नैमिषारण्य तक करीब 115 किलोमीटर का तटबंध बनेगा और इसके ऊपर 4 से 6 लेन की सड़क भी विकसित करने का प्रस्ताव है।

2000 करोड़ का प्रोजेक्ट, फैजुल्लागंज को बाढ़ से राहत की उम्मीद

सरकार ने इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 2000 करोड़ रुपये रखी है। इसका मकसद गोमती के बढ़ते जलस्तर से फैजुल्लागंज, घैला और आसपास के निचले इलाकों को राहत देना है। तटबंध बनने से बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंचने का खतरा कम होने और विस्थापन व जान-माल के नुकसान को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी तकनीकी सर्वे और DPR की प्रक्रिया पूरी होना बाकी है।

यह भी पढ़ें: ‘पापा नहीं...’ बेटे की गुहार के बीच पिता ने चला दी गोलियां, फिर जो हुआ वो दहला देगा

तटबंध के ऊपर बनेगी 4 से 6 लेन सड़क

योजना की सबसे खास बात यही है कि तटबंध को सड़क कनेक्टिविटी से भी जोड़ा जाएगा। प्रस्तावित 4 से 6 लेन सड़क को ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है। इससे आईआईएम रोड, फैजुल्लागंज, पक्का पुल और नैमिषारण्य के बीच आवाजाही आसान हो सकती है। यानी जिस जमीन का इस्तेमाल बाढ़ सुरक्षा के लिए होगा, उसी पर बेहतर परिवहन नेटवर्क विकसित करने की कोशिश होगी।

LDA और सिंचाई विभाग मिलकर बनाएंगे DPR

परियोजना की DPR तैयार करने की जिम्मेदारी LDA और सिंचाई विभाग को संयुक्त रूप से दी गई है। प्रस्ताव के मुताबिक LDA को नोडल एजेंसी बनाया जा सकता है। पहले चरण में ग्रीन कॉरिडोर से पक्का पुल तक का तटबंध LDA बनाएगा, जिस पर करीब 182 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। दूसरे चरण में IIM रोड के ग्रीन कॉरिडोर से नैमिषारण्य तक का काम सिंचाई विभाग संभालेगा। नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थल तक बेहतर सड़क संपर्क बनने से धार्मिक पर्यटन को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। फिलहाल सिंगल-विंडो मंजूरी, बजट, तकनीकी सर्वे और टेंडर के बाद ही निर्माण की समयसीमा साफ होगी।

यह भी पढ़ें: सर्दियों में स्कूटर से आते थे ऑफिस, खुश होकर महिला बॉस ने तोहफे में दे दी ₹43 लाख की कार!