Boss Gifts BMW Cars to Two Employees: चीन में रेस्टोरेंट मालिक मा यानली ने मेहनती कर्मचारियों को नई BMW कार गिफ्ट की। ठंड में स्कूटर से आने वाली कर्मचारियों की मेहनत देखकर बॉस ने यह खास फैसला लिया।
कभी-कभी नौकरी में मिलने वाला सबसे बड़ा इनाम सिर्फ बोनस या प्रमोशन नहीं होता। चीन के हेनान प्रांत में एक रेस्टोरेंट मालिक ने अपने दो कर्मचारियों की मेहनत का ऐसा सम्मान किया, जिसकी उन्होंने शायद सपने में भी कल्पना नहीं की थी। बॉस ने दोनों को नई BMW कार गिफ्ट कर दी।
ठंड में स्कूटर से आती थीं कर्मचारी, बॉस का दिल पसीजा
बीफ हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वाली मा यानली ने देखा कि उनके कर्मचारी कड़ाके की ठंड में भी इलेक्ट्रिक स्कूटर से काम पर पहुंचते हैं। खास तौर पर ली जिए की हालत ने उन्हें प्रभावित किया। ली करीब आठ साल से रेस्टोरेंट में काम कर रही थीं।
एक दिन ठंड में काम पर पहुंचने पर ली का चेहरा लाल, कान बैंगनी और हाथ अकड़े हुए थे। मा ने सोचा कि जब वह खुद कार में आराम से सफर करती हैं तो उनके कर्मचारी इस सुविधा से वंचित क्यों रहें?
यह भी पढ़ें: अयोध्या में अखिलेश ने योगी को दे दिया खुला चैलेंज, बोले- ‘खुद यहां से चुनाव लड़कर दिखाएं’
मीटिंग के बहाने BMW शोरूम पहुंचाया, फिर मिला बड़ा सरप्राइज
मा के मन में पिछले साल से ही कर्मचारियों को कार देने का विचार था। 24 सितंबर को उन्होंने कुछ कर्मचारियों को BMW शोरूम चलने के लिए कहा। कर्मचारियों को लगा कि शायद कोई मीटिंग है, लेकिन वहां पहुंचकर उन्हें पता चला कि कारें उनके लिए हैं।
ली जिए को सफेद BMW मिली, जबकि दूसरी कर्मचारी लियू यिंगयिंग को ग्रे BMW दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कारों की कीमत करीब 3 लाख युआन यानी लगभग 43 लाख रुपये थी। ली की कार उसी दिन उनके नाम रजिस्टर हुई और उन्हें इसके लिए कोई रकम नहीं देनी पड़ी।
बॉस बोलीं- कंपनी की सफलता में कर्मचारियों का भी हिस्सा
ली ने बताया कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि बॉस उन्हें इतना बड़ा तोहफा देंगी। वहीं लियू को बताया गया कि उनकी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के कारण वह इस कार की हकदार हैं।
मा यानली का कहना है कि यह सिर्फ दो कर्मचारियों को पुरस्कृत करने का मामला नहीं है। कंपनी की सफलता में कर्मचारियों की मेहनत भी शामिल है और इसलिए तरक्की का फायदा उन्हें भी मिलना चाहिए। इसी सोच ने एक कारोबारी सफलता को कर्मचारियों के लिए यादगार तोहफे में बदल दिया।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, 5 हजार से ज्यादा का चयन
