लखनऊ में मानस वाजपेयी ने कथित तौर पर पत्नी दिव्या की गोली मारकर हत्या की, फिर बहन को मारा और खुदकुशी कर ली। WhatsApp Status में मानस ने प्रज्ञा मिश्रा का जिक्र कर दावा किया है कि वो सब जानती है। आखिर कौन हैं प्रज्ञा मिश्रा?
Lucknow Crime: गुरुवार 20 अगस्त को लखनऊ में हत्या और खुदकुशी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के ऑफिस पहुंचकर पहले उसे गोली मारी। इसके बाद घर लौटा, तो अपनी बहन को गोली मार खुदकुशी कर ली। कुछ घंटों के फासले में हुई 3 मौतों से पूरा शहर दहल गया। इस मामले में युवक की पत्नी दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में दिल दहलाने वाला खुलासा किया।
कौन हैं प्रज्ञा मिश्रा?
- गोमती नगर में गोलीबारी की खबर मिलने के तुरंत बाद मृतक दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी दी।
- उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए बताया कि उन्हें फोन आया है कि उनकी बहन को गोली मार दी गई है और उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने लोगों से दिव्या के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की।
- बता दें कि प्रज्ञा मिश्रा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और YouTuber हैं। प्रज्ञा का YouTube चैनल ‘उल्टा चश्मा UC’ है, जिसके 85 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर बताए जाते हैं।
क्या है पूरा मामला?
- गुरुवार दोपहर लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में मानस वाजपेयी नाम के शख्स ने (जो SBI में कर्मचारी बताया जा रहा है) सबसे पहले पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मारी।
- गुरुवार दोपहर मानस वाजपेयी अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा के ऑफिस के बाहर पहुंचा। दिव्या ICICI Bank में डिप्टी मैनेजर थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 38 साल के मानस ने दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया
- दोनों के बीच कुछ मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से भाग गया। दिव्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
- दिव्या को गोली मारने के बाद मानस वाजपेयी हुसारिया इलाके में पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात अपनी बहन शीबा से हुई।
- पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी 28 साल की बहन शीबा को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने हथियार खुद की ओर किया और ट्रिगर दबाकर खुदकुशी कर ली।
- आरोपी ने अपनी बहन की हत्या क्यों की, इसका सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
- बताया गया है कि शिवा कथित तौर पर मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही थीं। बहन की हत्या के बाद मानस ने खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
12 साल पहले हुई थी मानस-दिव्या की शादी
दिव्या और मानस की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। हालांकि, दोनों पिछले एक साल से ज्यादा समय से अलग रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक, दिव्या ने पिछले साल तलाक के लिए अर्जी भी दाखिल की थी। पुलिस इस वैवाहिक विवाद को मामले की जांच के अहम पहलुओं में शामिल कर रही है।
WhatsApp Status पर लिखा- पत्नी ने मुझे धोखा दिया
इस मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू मानस का WhatsApp Status है। खुदकुशी से पहले उसने कथित तौर पर WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया, जिसमें उसने पत्नी और बहन की हत्या करने की बात कही। स्टेटस में उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया। उसने यह भी लिखा कि अब वह खुद को और अपनी बहन को मारना चाहता है। मानस ने अपने स्टेटस में पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा और भरत का जिक्र करते हुए दावा किया कि वे सब कुछ जानते हैं।


