Madhya Pradesh Agar Malwa Accident : मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों का कलेजा कांप गया। सभी मृतक ओडिशा के रहने वाले थे।

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास एक उफनते नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।

उज्जैन से मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे

  • एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि सभी मृतक ओडिशा के रहने वाले थे। ये सभी लोग उज्जैन से मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करने नलखेड़ा आए थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि पानी का बहाव बहुत तेज था, लेकिन ड्राइवर ने जल्दबाजी में नाला पार करने की कोशिश की, जिसकी वजह से यह भयानक हादसा हो गया।
  • घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और बचाव अभियान शुरू कर दिया। पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने में जुटी है।

यहां भी 4 लोगों की दर्दनाक मौत

  • वहीं, तेलंगाना में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया कि NH-44 पर पालमाकुला गांव के पास हुए इस एक्सीडेंट में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल है।
  • शमशाबाद पुलिस के मुताबिक, यह परिवार महबूबनगर के नवाबपेट मंडल स्थित अपने पैतृक गांव मेट्टुगड्डा टांडा से शमशाबाद जा रहा था। ये लोग गणेश विसर्जन के बाद एक फोर-व्हीलर से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
  • पुलिस ने मृतकों की पहचान 54 साल के बिजनेसमैन केथावथ लिंब्या, उनकी 45 वर्षीय पत्नी केथावथ जमुना, 48 साल के बिजनेसमैन कटरावथ मानसिंह और 45 साल के केथावथ वासरम के रूप में की है।
  • इस हादसे में गाड़ी चला रहे सबावथ अशोक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि उसे शमशाबाद के ट्राइडेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।