भोपाल में प्रदर्शित फिल्म “शतक : संघ के 100 वर्ष” को MP सरकार ने टैक्स फ्री घोषित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र निर्माण का प्रेरक संदेश देने वाली फिल्म बताया। फिल्म में एआई और उन्नत ग्राफिक्स का उपयोग किया गया है।

मंगलवार को भोपाल के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर स्थित दृष्टि कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 से लेकर 100 वर्षों की सेवा और समर्पण यात्रा पर आधारित फिल्म 'शतक : संघ के 100 वर्ष' का विशेष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन ने फिल्म “शतक : संघ के 100 वर्ष” को टैक्स फ्री घोषित किया है। उन्होंने कहा कि फिल्म का विषय समाजोपयोगी है और यह सांस्कृतिक उत्थान तथा राष्ट्र निर्माण के महत्व को रेखांकित करती है। इसी कारण प्रदेश में इस फिल्म को कर मुक्त रखा जाएगा।

राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र निर्माण का संदेश देती है फिल्म 'शतक'

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जो भी नागरिक राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित है, उसे यह फिल्म अवश्य देखनी चाहिए। उनके अनुसार, यह एक प्रेरक फिल्म है जो देश के लिए कर्मप्रधान भूमिका निभाने का आह्वान करती है। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास का अध्ययन कर संघ के संस्थापकों और पदाधिकारियों ने राष्ट्र सर्वोपरि के भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया था। भविष्य को बेहतर बनाने की सोच के साथ उन्होंने कार्य किया। संघ के माध्यम से बाहरी शक्तियों की गतिविधियों के विरुद्ध भी संगठित और मजबूत अभियान चलाया गया।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत ग्राफिक्स का उपयोग

फिल्म “शतक : संघ के 100 वर्ष” के निर्देशक श्री आशीष मल्ल हैं और निर्माता वीर कपूर हैं। फिल्म में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत ग्राफिक्स की मदद से स्वातंत्र्य वीर सावरकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को पर्दे पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में अभिनेता अजय देवगन ने अपनी आवाज दी है, जो इसे और प्रभावशाली बनाती है।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में फिल्म टैक्स फ्री

फिल्म के महत्व को देखते हुए मध्यप्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और राजस्थान सरकारों ने भी “शतक : संघ के 100 वर्ष” को टैक्स फ्री घोषित किया है। सरकारों का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक युवा इस फिल्म को देखें और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित हों।