MP में आगामी त्योहारों को देखते हुए CM मोहन यादव ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों को कड़ी निगरानी, विशेष सतर्कता और पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भोपाल। Mohan Yadav ने आगामी सभी त्योहारों को देखते हुए प्रदेश में शांति और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रविवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस, भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि छोटी से छोटी घटना पर भी तुरंत कार्रवाई की जाए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Festival Security Guidelines: त्योहार सामाजिक सद्भाव का प्रतीक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि त्योहार सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक हैं। प्रदेश के नागरिक प्रेम और सौहार्द के साथ अपने पर्व मनाएं, इसके लिए मैदानी पुलिस अधिकारियों और अमले को अतिरिक्त सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी करनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखी जाए और पुलिस का सूचना-तंत्र (इंटेलिजेंस नेटवर्क) और अधिक सक्रिय किया जाए। पुलिस प्रशासन पूरी जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करे, ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा न हो।

Law and Order Priority: हर हाल में सुव्यवस्था बनी रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिक बिना किसी बाधा के अपने-अपने त्योहार आनंदपूर्वक मना सकें, इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ तैनात है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के समय हर घटना और गतिविधि पर बारीकी से नजर रखें। जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करें। समाज के सम्मानित और प्रभावशाली लोगों को शांति समिति में शामिल कर समन्वय बढ़ाया जाए। सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को अपने कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सिस्टम को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हाल में प्रदेश में सुव्यवस्था बनी रहनी चाहिए, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Police Inspection Update: थानों का औचक निरीक्षण और ग्रेडिंग

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न पुलिस थानों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगे। थानों के कार्य-व्यवहार और जनता से मिले फीडबैक के आधार पर उनकी ग्रेडिंग की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी हर कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान में परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए सभी परीक्षा केंद्रों और छात्रावासों (हॉस्टल्स) पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।