Madhya Pradesh floods Heavy rain : मध्य प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। अब यह बरसात कई जिलों में जलप्रलय में तब्दील हो चुकी है। नदी-नाले सभी उफान पर हैं। राजगढ़ जिले में तो बारिश के रौद्र रूप में एक परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई।
भोपाल (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश में पिछले चार दिन से भीषण बारिश हो रही है। इस मूसलाधार बरसात ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शहर हो या गांव हर जगह जलभराव हो रहा है। सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं तो वहीं नदियां, नाले और झरने सभी उफान पर हैं। वहीं राजगढ़ जिले के एक उफनते नाले में कार बह गई, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई।
उफनते नाले के पानी में समा गया पूरा परिवार
दरअसल, यह हादसे वाली घटना राजगढ़ जिले के पड़ाना पायपास की है। जहां देवास जिले के धासंड़ गांव का यह परिवार वैन में सवार होकर करड़ावद देवस्थान जा रहा था। गाड़ी में 11 लोग बैठे हुए थे। वैन के आगे चल रही एक कार ने उफनते नाले को पार कर लिया था। तो चालक को लगा कि वह भी निकल जाएंगे। लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वैन एक ही झटके में बह गई। किसी तरह दो लोगों ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
मना करने के बाद भी नहीं माना वैन चालक
बताया जा रहा है कि एक किलोमीटर पहले एक ढाबे वालों ने वैन चालक को आगे नहीं जाने की चेतावनी दी थी। लेकिन रास्ता बंद नहीं होने के कारण वह नाले के पास पहुंच गया। अगर प्रशासन रास्ता बंद कर देता तो शायद यह हादसा नहीं होता। वहीं घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय लोग वहां पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। किसी तरह वैन से कूदे दो लोगों ने रस्सी के जरिए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
भोपाल में स्कूल-कॉलेज बंद
बता दें कि भोपाल में भी पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं।भारी बारिश के बीच, भोपाल जिला प्रशासन ने आज, 11 अगस्त को, सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए छुट्टी घोषित कर दी है. इसमें MPBSE, CBSE और ICSE से जुड़े संस्थान भी शामिल हैं।


