Loose Cooking Oil Ban: महाराष्ट्र सरकार ने खुले खाद्य तेल की बिक्री पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है। अब दुकानों पर डिब्बे से निकालकर तेल नहीं मिलेगा। जानिए क्यों?
Cooking Oil Guidelines: अगर आप भी राशन की दुकान पर जाकर 10-20 रुपए का या अपनी जरूरत के हिसाब से आधा-एक लीटर 'खुला तेल' खरीदते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। महाराष्ट्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य में खुले कुकिंग ऑयल (खाद्य तेल) की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। यानी अब आपको दुकान पर डिब्बे या टंकी से निकालकर तेल नहीं मिलेगा, बल्कि फिक्स पैकिंग वाला तेल ही खरीदना होगा। जानिए ये फैसला क्यों लिया गया और नियम तोड़ने पर क्या होगा...
सरकार ने क्यों लिया यह सख्त फैसला?
महाराष्ट्र सरकार और FDA (खाद्य और औषधि प्रशासन) की जांच में सामने आया था कि खुले तेल के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। मुनाफा कमाने के चक्कर में कुछ लोग तेल में भारी मिलावट कर रहे थे। बिना लाइसेंस वाले लोग भी खुले में घटिया तेल बेच रहे थे। एक्सपायरी डेट खत्म होने वाले तेल की पैकिंग बदलकर उसे नया बनाकर बेचा जा रहा था। खुले तेल पर कोई बैच नंबर या एक्सपायरी डेट नहीं होती, जिससे इसकी क्वालिटी चेक करना नामुमकिन हो जाता है। इसलिए सरकार ने ये फैसला लिया।
खाद्य तेल का नियम कहां-कहां लागू होगा?
FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने साफ कर दिया है कि लोगों की खाने-पीने की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। यह नियम छोटी दुकानों से लेकर बड़ी फैक्ट्रियों, सुपरमार्केट और ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनियों तक सब पर लागू होगा।
खुले में तेल बेचने पर क्या होगा?
- बैन के बावजूद अगर कोई दुकानदार बड़े कंटेनर या डिब्बे से निकालकर खुला तेल बेचता पकड़ा गया, तो उसे जेल हो सकती है।
- तेल को लेकर ग्राहकों को बेवकूफ बनाने वाले या झूठे विज्ञापन दिखाने वालों पर 10 लाख रुपए तक का तगड़ा फाइन लगाया जाएगा।
किन तेलों पर है नियम लागू होगा?
मूंगफली तेल
सरसों तेल
सूरजमुखी तेल
पाम ऑयल तेल
नारियल का तेल
मक्के का तेल
सभी तरह के आम तेल
आम आदमी और दुकानदारों पर क्या होगा असर?
- अब कम बजट वाले लोग अपनी मर्जी से 100 या 200 ग्राम तेल नहीं खरीद पाएंगे, उन्हें कंपनी का पैकेट ही लेना होगा।
- दुकानदारों को बड़े-बड़े डिब्बे हटाकर अपनी दुकान में सिर्फ सीलबंद बोतल या पैकेट वाला तेल ही रखना होगा।
- दुकानदारों के पास जो पुराना खुला तेल रखा है, उसका क्या होगा, इसे लेकर सरकार के डिटेल आदेश का इंतजार है।
तेल खरीदते समय क्या सावधानियां रखें?
- हमेशा अच्छी तरह से सील पैक किया हुआ पैकेट या बोतल ही खरीदें।
- पैकेट पर कंपनी का नाम, मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें।
- अगर पैकेट बहुत पुराना, गंदा लग रहा हो या उसकी सील से छेड़छाड़ की गई हो, तो उसे बिल्कुल न खरीदें।


