Vande Mataram viral video : महाराष्ट्र के ठाणे में एक सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम गीत को लेकर बड़ी चूक हो गई। हैरान की बात यह है कि यह सब डिप्टी CM एकनाथ शिंदे के सामने हुआ। जो गाने के बोल सुनकर हैरान रह गए।

मुंबई. स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में 'वंदे मातरम' के कथित अपमान को लेकर देश भर में सियासी घमासान थमा नहीं था कि राष्ट्रीय गीत को लेकर महाराष्ट्र से एक और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल, ठाणे जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में उस वक्त लोग हैरान रह गए, जब वंदे मातरम् की जगह लता मंगेशकर के एलबम का एक गीत बजने लगा। पूरे 4 मिनट तक यह गाना बजा और सभा में आए सभी लोग मौन होकर इसे सुनते रहे। सबसे बड़ी हैरानी की बात यह थी कि यह सब वाक्या महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के सामने घटित हुआ। जिनके हाव-भाव से साफ पता चल रहा था कि यह किसी के द्वारा की गई बड़ी गलती है।

गाने के बोल सुनते ही हैरान रह गए डिप्टी सीएम शिंदे

बता दें कि, ठाणे के इस सरकारी कार्यक्रम में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे बतौर चीफ गेस्ट पहुंचे थे। वह जैसे ही स्टेज पर पहुंचे तो कार्यक्रम की शुरुआत हुई और योजना के मुताबिक वंदे मातरम् के गायन शुरू करने को कहा गया। जैसे ही म्यूजिक ऑन हुआ तो कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग खड़े हो गए। लेकिन सब हैरान उस वक्त रह गए, जब वंदे मातरम की जगह भारत रत्न लता मंगेशकर का एक एल्बम गीत बजने लगा। हालांकि इस गीत के बोल भी वंदे मातरम् ही थे लेकिन यह एक पुराने एलबम का गीत था। जिसकी तर्ज भी पुरानी थी, तो लोगों को शरूआत में कुछ समझ में नहीं आया।

एकनाथ शिंदे बोले-ऐसी गलती दोबारा ना हो

गीत पूरा होने के बाद जैसे ही एकनाथ शिंदे की स्पीच की बारी आई तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह आयोजिकों बहुत बड़ी चूक है। साथ ही शिंदे ने जनता से अपने संबोंधन शुरू करने से पहले इस गलती की माफी मांगी। साथ ही कार्यक्रम के मुख्य आयोजकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा-राष्ट्रगीत या देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए। बता दें कि इस घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी कर दिया, कार्यक्रम के इस गीत के दौरान का वीडियो वायरल भी हो रहा है।