Mallikarjun Kharge Statement: पटना में खड़गे के बयान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता संतोष की जमकर पिटाई हुई। अमित शाह और बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी पर निशाना साधा।

Mallikarjun Kharge on PM Modi: पटना में रविवार को कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त जमकर बवाल मचा, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मोदी सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ बोल रहे थे। इसी दौरान एक शख्स खड़ा हुआ और कहा कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं। उसकी ये बात सुन खड़गे भड़क उठे और बोले- मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा। बाद में कुछ लोगों ने मिलकर उस शख्स की पिटाई कर दी।

पिटने वाला शख्स निकला कांग्रेस कार्यकर्ता

हालांकि, बाद में पता चला कि पिटने वाला शख्स कांग्रेस कार्यकर्ता ही था। दरअसल, खड़गे पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। बापू सभागार में खड़गे के बयान के बाद जिस शख्स को पीटा गया, उसका नाम संतोष है। वो खुद कांग्रेस कार्यकर्ता है।

तो क्या खड़गे की गलती से पिटा कांग्रेस कार्यकर्ता?

संतोष ने कहा कि वो विपक्षी नेताओं को यह समझाना चाहते थे कि केवल शांतिपूर्ण तरीके से बैठे रहने से सरकार नहीं बदलेगी। जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं जानेवाली। लेकिन मेरी बात का गलत मतलब निकाला गया और मुझे बेवजह पीटा गया। संतोष ने कहा, राहुल गांधी समेत विपक्ष के सभी बड़े नेताओं को यह बात समझनी होगी।

PM के पिता पर अभद्र टिप्पणी कर खड़गे ने मर्यादा तार-तार की

  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी।
  • उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके सभी मर्यादाएं तोड़ दी हैं।
  • अमित शाह ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार के बारे में अपशब्द कहे हों।
  • उन्होंने आरोप लगाया कि कभी प्रधानमंत्री की मां के बारे में आपत्तिजनक बातें कही गईं, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा गया और कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया गया।
  • शाह ने आगे कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर दिन अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।

BJP ने X पर वीडियो शेयर कर कांग्रेस पर साधा निशाना

  • भारतीय जनता पार्टी ने भी इस घटना को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खड़गे का वीडियो शेयर किया और उनकी भाषा पर सवाल उठाए।
  • बीजेपी ने पोस्ट में लिखा, “कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग प्रतीत होती है।”
  • बीजेपी की इस प्रतिक्रिया के बाद खड़गे के बयान को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई। कांग्रेस कार्यक्रम में हुई घटना अब कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गई है।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी हुआ था विवाद

  • बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर विवाद इससे पहले भी सामने आ चुका है। 27 अगस्त 2025 को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मां के खिलाफ गाली दिए जाने का मामला सामने आया था।
  • इस घटना के विरोध में बिहार बंद किया गया था और प्रदर्शन भी हुए थे। पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट भी हुई थी। इस दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी।
  • अब पटना में खड़गे के बयान और कांग्रेस कार्यकर्ता संतोष की पिटाई की घटना ने एक बार फिर बिहार में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष के बयान, कार्यकर्ता के दावे और बीजेपी की प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बने हुए हैं।

YouTube video player