इंडिया गठबंधन ने चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ मार्च निकाला। प्रदर्शन में खड़गे का बैटमैन मास्क पहनना चर्चा में रहा, जिसके बाद विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में 1 याचिका दी। वहीं, बीजेपी ने इसे नाटक बताया।

नई दिल्ली में INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया और चुनावी धांधली के खिलाफ 'लोकतंत्र के लिए मार्च' निकाला। इस मार्च ने पूरे देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। दिल्ली में हुए इस बड़े प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक अलग ही अंदाज में दिखे। उन्होंने सुपरहीरो 'बैटमैन' का मास्क पहन रखा था। उनकी ये तस्वीरें सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में खूब वायरल हो रही हैं।

बैटमैन मास्क और जेन-जी (Gen-Z) ट्रेंड

सुप्रीम कोर्ट की तरफ जा रही INDIA गठबंधन की बस में खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बगल में बैठे थे। तभी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 'जेन-जी' (Gen-Z) युवाओं के एक ग्रुप ने बस में नेताओं को यह मास्क दिया। राहुल गांधी ने मास्क लिया और खड़गे को पहनाने में मदद की।

आजकल दुनिया भर में हो रहे प्रदर्शनों में बैटमैन को एक सिंबल की तरह इस्तेमाल करने का ट्रेंड चल रहा है। आपको याद होगा, पिछले साल अगस्त में दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय के बाहर राहुल गांधी के पोस्टर लगे थे, जिनमें उन्हें 'रियल-लाइफ बैटमैन' और 'साइलेंट गार्जियन' बताया गया था। हाल ही में इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन में एक युवा ने राहुल से पूछा था, "क्या आप बैटमैन हैं?" इस पर राहुल ने हंसते हुए जवाब दिया था, "किसी ने भी मुझे और बैटमैन को एक ही कमरे में नहीं देखा है!" उनका यह जवाब काफी वायरल हुआ था।

'वोट चोरी' का आरोप और सुप्रीम कोर्ट में अर्जी

विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर 'वोट चोरी' का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वोटर लिस्ट की जल्दबाजी में की गई SIR प्रक्रिया के जरिए लाखों वोटरों के नाम काट दिए गए हैं।

विपक्ष की मुख्य मांगें हैं- वोटर लिस्ट की धांधली रोकी जाए, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, SIR रिवीजन पर तुरंत रोक लगे और पुरानी बैलेट पेपर व्यवस्था वापस लाई जाए। इन्हीं मांगों को लेकर विपक्षी नेता भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को संयुक्त ज्ञापन सौंपना चाहते थे।

CJI से मिलने का समय नहीं मिलने पर, नेताओं ने हजारों समर्थकों के साथ मार्च निकाला और सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में एक संयुक्त याचिका दायर की। दिल्ली के भगवान दास रोड और बाराखंभा रोड जंक्शन के पास पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव जैसे नेता खुली गाड़ियों में सवार होकर बैरिकेड्स पार करते हुए आगे बढ़ गए।

एकजुट दिखे INDIA गठबंधन के दिग्गज

इस विशाल प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, टीएमसी चीफ ममता बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी (एससीपी) नेता सुप्रिया सुले, सीपीआई नेता डी. राजा और सीपीआई (एम) नेता एम.ए. बेबी समेत कई बड़े विपक्षी नेता शामिल हुए। इनके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के नेता भी इस लड़ाई में साथ दिखे, जिनमें कर्नाटक के डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और तेलंगाना के सीएम ए. रेवंत रेड्डी मौजूद थे।

बीजेपी नेताओं का तीखा तंज

खड़गे और राहुल गांधी के इस 'बैटमैन' अवतार पर सत्ताधारी बीजेपी ने तीखा तंज कसा है। केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह समेत कई बीजेपी नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस नेता गंभीर राजनीतिक मुद्दों पर ड्रामा करके युवाओं को गुमराह कर रहे हैं और 'बैटमैन और रॉबिन' की जोड़ी की तरह नाटक कर रहे हैं।