बिहार में एक शख्स ने फोन कॉल कर चलती ट्रेन को रेलवे फाटक पर रुकवा दिया, ताकि उसका परिवार चढ़ सके। इस घटना का वीडियो वायरल होने पर रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं। बिना इमरजेंसी के ट्रेन रोकना गैर-कानूनी है।
भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा और नियमों को लेकर काफी सख्त कानून हैं। लेकिन, बिहार से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। यहां एक शख्स के फोन कॉल करते ही चलती हुई ट्रेन रेलवे फाटक पर रुक गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।
क्या है पूरा मामला?
यह वीडियो बिहार के कुमारबाग रेलवे स्टेशन के पास एक रेलवे फाटक का बताया जा रहा है। लेवल क्रॉसिंग का फाटक बंद होने की वजह से ट्रैफिक में फंसी एक कार में बैठे शख्स ने यह वीडियो बनाया। वीडियो में दिखता है कि फाटक के पास खड़ा एक आदमी बड़े आत्मविश्वास से फोन पर बात कर रहा है। यह देखकर कार में बैठे लोग कमेंट करते हैं, "ये ऐसे बात कर रहा है जैसे ट्रेन रुकवा देगा। अगर इसने ट्रेन रुकवा दी तो मैं ये वीडियो रेल मंत्रालय को भेजूंगा।"
हैरानी की बात यह है कि कुछ ही पलों में ट्रेन ठीक उसी गेट के सामने आकर रुक जाती है। इसके तुरंत बाद, वहां इंतजार कर रहा एक परिवार ट्रेन में चढ़ जाता है। यह देखकर वीडियो बना रहा शख्स चौंक जाता है और कहता है, "क्या ट्रेन कोई प्राइवेट बस है जो कहीं भी रोक दी जाए?"
किसी ने चेन खींची हो सकती है
जैसे ही यह वीडियो 'X' (ट्विटर) पर वायरल हुआ, हजारों लोगों ने इसे शेयर किया और रेलवे पर अपना गुस्सा जाहिर किया। लोगों ने लोको पायलट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या रेलवे किसी की निजी संपत्ति है? वहीं, कुछ लोगों ने यह भी आशंका जताई है कि हो सकता है ट्रेन के अंदर से किसी ने चेन खींची हो।
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे की आधिकारिक हेल्पलाइन 'रेलवे सेवा' ने तुरंत जवाब दिया। उन्होंने समस्तीपुर के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) को इस मामले की पूरी जांच करने और जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बिना किसी तकनीकी या इमरजेंसी के किसी निजी व्यक्ति के लिए ट्रेन रोकना गैर-कानूनी है। रेलवे ने जांच तेज कर दी है। अब जांच के बाद ही इस फोन कॉल के पीछे का असली राज सामने आएगा।