अकेलेपन से जूझ रहे एक 27 वर्षीय अमीर लड़के ने Reddit पर एक अनोखी पेशकश की है। वह दिन में 3 बार बात करने वाले को ₹6,000 मासिक देगा। शर्त है कि व्यक्ति शांत और भावनात्मक रूप से समझदार हो। यह कदम उसने पिछले बुरे रिश्ते और तनाव के कारण उठाया है।

एक अमीर परिवार से होने और अच्छी नौकरी करने के बावजूद, एक 27 साल का लड़का अकेलेपन से जूझ रहा है। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर एक पोस्ट किया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। अपनी ज़िंदगी के खालीपन को भरने के लिए, उसने दिन में तीन बार बात करने वाले को हर महीने 6,000 रुपये देने का ऐलान किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अजीब मांगें और सख्त शर्तें

इस लड़के ने अपने लिए समय निकालने वाले शख्स के सामने कुछ सख्त और अनोखी शर्तें भी रखी हैं…

बात करने वाले शख्स की इमोशनल इंटेलिजेंस (Emotional Intelligence) बहुत अच्छी होनी चाहिए।
उसकी आवाज़ हमेशा शांत और बातों में विनम्रता होनी चाहिए।
किसी भी हाल में बातचीत के दौरान बहस या झगड़ा करके उसकी मानसिक शांति भंग नहीं करनी है।
उस शख्स को ऐसा दिखाना होगा जैसे उसे वाकई में लड़के की परवाह है और दिन भर उसका हाल-चाल पूछना होगा।
सबसे ज़रूरी शर्त यह है कि बातचीत तब हो, जब वह ऑफिस के लिए कार से निकल रहा हो, लंच के समय और रात को सोने से ठीक पहले।

इस फैसले के पीछे की दर्दभरी कहानी

लड़के ने अपनी इस हालत की वजह बताते हुए कहा कि उसके माता-पिता इमोशनली उसके साथ नहीं हैं और उसे सपोर्ट नहीं करते। इसके अलावा, उसका पिछला रिलेशनशिप बहुत कड़वा रहा, जिसमें उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, जिससे वह गहरे तनाव में है। वह एक ऐसी कंपनी में काम करता है जहाँ बायोमेट्रिक अटेंडेंस लगती है। उसे डर है कि अगर उसका मानसिक सुकून बिगड़ा, तो इसका असर उसकी नींद और काम करने की क्षमता पर पड़ सकता है। उसने यह भी साफ किया है कि उसे शादी के बारे में कोई सलाह या दबाव नहीं चाहिए।

लोगों ने दिखाई इंसानियत

यह पोस्ट देखकर कई Reddit यूजर्स ने हमदर्दी जताई। कुछ यूजर्स ने लिखा, "हम तुमसे मुफ़्त में बात करेंगे, तुम ये पैसे किसी को दान कर दो।" इस पर लड़के ने शुक्रिया अदा करते हुए जवाब दिया, "कई लोगों का मुफ़्त में मदद के लिए आगे आना इंसानियत में मेरे भरोसे को जगाता है। लेकिन मेरा मानना है कि जब मैं इस सर्विस के लिए पैसे दूंगा, तभी यह रिश्ता लंबे समय तक टिक पाएगा।" उसने यह भी वादा किया कि अगर बातचीत अच्छी रही, तो वह आगे चलकर सैलरी भी बढ़ा देगा।

यह कहानी दिखाती है कि आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में इंसान को पैसे से ज़्यादा साथ की कितनी ज़रूरत है। यह इस बात का भी एक बड़ा उदाहरण है कि रिश्तों की कीमत सिर्फ़ पैसों से नहीं लगाई जा सकती। किसी इंसान का अकेलापन उसे किस तरह के फैसले लेने पर मजबूर कर सकता है, यह कहानी इसका आइना है।