Manali Couple's Viral Video: मनाली में रह रहे वायरल कपल का मासिक खर्च कितना है? मनाली में कपल अपने घर का किराया कितना देता है? सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर बहस क्यों छिड़ी हुई है?
महानगरों की बढ़ती महंगाई और तनावभरी जिंदगी के बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने हजारों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वीडियो में एक शादीशुदा कपल दावा करता है कि वह हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थल मनाली में रहकर 'वर्क फ्रॉम होम' कर रहा है और उनका पूरा मासिक खर्च 12 हजार रुपये से भी कम है।

इंस्टाग्राम पर @twovagabondmonks नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो में कपल ने अपनी मासिक लागत का पूरा ब्यौरा साझा किया है, जिसे देखकर कई लोग हैरान रह गए हैं।
5 हजार रुपये किराया, हिमालय का शानदार नजारा
वीडियो में कपल बताता है कि वे मनाली में एक रूम-किचन वाले अपार्टमेंट में रहते हैं। सबसे खास बात यह है कि घर की खिड़की से सीधे हिमालय की बर्फीली चोटियां दिखाई देती हैं। इस घर का मासिक किराया मात्र 5,000 रुपये है।
हालांकि फ्लैट पूरी तरह फर्निश्ड नहीं था, इसलिए उन्होंने जरूरी सामान खुद खरीदा। वहीं बिजली का बिल भी 300 रुपये से कम आता है, जो बड़े शहरों की तुलना में काफी कम माना जा रहा है।
घर का खाना और पैदल सफर से बचते हैं हजारों रुपये
कपल के मुताबिक वे ज्यादातर खाना घर पर ही बनाते हैं। इससे उनका मासिक राशन खर्च करीब 4,000 रुपये तक सीमित रहता है। कभी-कभी बाहर खाने का मन होने पर या किसी वजह से खाना न बन पाने पर वे स्थानीय कैफे में चले जाते हैं, जहां लगभग 1,500 रुपये तक का अतिरिक्त खर्च आता है।
चूंकि दोनों घर से ही काम करते हैं, इसलिए रोजाना ऑफिस आने-जाने की जरूरत नहीं पड़ती। आसपास के इलाकों में घूमने के लिए वे अधिकतर पैदल चलते हैं, जिससे वाहन और पेट्रोल का खर्च महीने में करीब 500 रुपये ही रहता है।
सोशल मीडिया पर बंटे यूजर्स, कुछ ने की तारीफ तो कुछ ने उठाए सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने कपल की लाइफस्टाइल और कम खर्च में बेहतर जीवन जीने के तरीके की सराहना की। एक यूजर ने लिखा, "जितने पैसे में लोग मनाली घूमने आते हैं, उतने में ये पूरा महीना निकाल रहे हैं।"
वहीं कुछ लोगों ने इस दावे पर सवाल भी खड़े किए। उनका कहना है कि हिमाचल प्रदेश में परिवहन और अन्य सुविधाएं इतनी सस्ती नहीं हैं। एक यूजर ने लिखा कि मनाली में टैक्सी का खर्च काफी ज्यादा होता है, इसलिए 500 रुपये में पूरे महीने का सफर करना आसान नहीं है।
हालांकि, वीडियो ने एक बार फिर यह बहस जरूर छेड़ दी है कि क्या बड़े शहरों की महंगी जिंदगी छोड़कर पहाड़ों में कम खर्च और बेहतर जीवन जिया जा सकता है। यही वजह है कि यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


