अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने PM मोदी को व्हाइट हाउस का न्योता दिया। दोनों ने व्यापार, रक्षा व तकनीक पर चर्चा की। रूबियो विदेश मंत्री जयशंकर से ऊर्जा सुरक्षा पर बात करेंगे और 26 मई को क्वाड बैठक में भी शामिल होंगे।
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के खास निर्देश पर, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्हाइट हाउस आने का आधिकारिक न्योता दिया है। यह न्योता रूबियो ने दिल्ली में प्रधानमंत्री के ऑफिस 'सेवा तीर्थ' हॉल में हुई एक अहम मुलाकात के दौरान दिया। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चली इस बातचीत में व्यापार, रक्षा और टेक्नोलॉजी में दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि प्रधानमंत्री का वॉशिंगटन दौरा जल्द ही हो सकता है।

मार्को रूबियो अपने पहले भारत दौरे के लिए शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे। वहां उन्होंने सबसे पहले मदर टेरेसा के 'मिशनरीज ऑफ चैरिटी' के ग्लोबल हेडक्वार्टर 'मदर हाउस' और उससे जुड़े अनाथालय 'निर्मला शिशु भवन' का दौरा किया। उनके साथ उनकी पत्नी जेनेट रूबियो और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे। पिछले 14 सालों में यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी विदेश मंत्री ने कोलकाता का दौरा किया है। कोलकाता का दौरा पूरा करने के बाद, वह दोपहर में दिल्ली पहुंचे और पीएम मोदी से मुलाकात की।
चार दिन के आधिकारिक दौरे पर आए रूबियो रविवार को भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इस बातचीत में पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए भारत की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका से LNG और कच्चे तेल का आयात बढ़ाने पर चर्चा होगी। साथ ही, ट्रंप प्रशासन की नई टैरिफ नीतियों पर भी बात की जाएगी। इसके बाद वह आगरा और जयपुर शहरों का भी दौरा करेंगे। 26 मई को दिल्ली में होने वाली भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के संगठन 'क्वॉड' के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक में भी मार्को रूबियो हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन की दखलअंदाजी को रोकने पर खास जोर दिया जाएगा।
