Mumbai Local Train Accident News: मुंबई सेंट्रल रेलवे में सिग्नल फेल और कांजुरमार्ग स्टेशन के पास आग लगने से लोकल ट्रेनें ठप हो गईं। पटरियों पर चलने के दौरान 3 लोगों की मौत हो गई। जानिए पूरी घटना की ताजा अपडेट।

Mumbai Local Train Accident: सप्ताह के पहले ही दिन मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनें अचानक ठप हो गईं, जिससे हजारों नौकरीपेशा लोग घंटों फंसे रहे। कांजुरमार्ग स्टेशन के पास सुबह अचानक आग लग गई और ओएचई वायर में खराबी आ गई, जिसने पूरे सिग्नलिंग सिस्टम को ध्वस्त कर दिया। मजबूरी में लोग ट्रेनों से उतरकर पटरियों पर ही पैदल चलने लगे, लेकिन इस आपाधापी के बीच तीन लोगों की दर्दनाक मौत की खबर ने हर किसी को सन्न कर दिया है। रविवार को ही रेलवे ने मेंटेनेंस के लिए 'मेगा ब्लॉक' लिया था, जिसके ठीक अगले दिन ऐसा बड़ा हादसा होना रेलवे व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कांजुरमार्ग स्टेशन पर आग: कैसे ठप हुई सेंट्रल रेलवे?

  • सिग्नलिंग सिस्टम हुआ फेल: सुबह करीब 10 बजे कांजुरमार्ग के पास आग लगने से ठाणे और विक्रोली के बीच का सिग्नल सिस्टम पूरी तरह बंद हो गया।
  • ओवरहेड वायर में खराबी: मुलुंड और ठाणे के बीच ओएचई (ओवरहेड) तार टूटने की वजह से अप और डाउन, दोनों स्लो-फास्ट लाइनों पर पहिए थम गए।
  • चार घंटे का केबल काम: रेलवे के मुताबिक केबल बदलने में करीब चार घंटे लगे, जिससे देर रात तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।

पटरियों पर चलने को मजबूर यात्री, 3 की मौत

  • ट्रैक पर मिलीं लाशें: घाटकोपर-विक्रोली के बीच दो लोगों के शव मिले, जिन्हें राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं एक शख्स की मौत भांडुप में हुई।
  • घंटों फंसे रहे यात्री: जब घंटों तक लोकल आगे नहीं बढ़ी, तो लोग जान जोखिम में डालकर ट्रैक पर उतर गए और पैदल ही स्टेशन की तरफ चल पड़े।
  • सड़कों पर भारी जाम: ट्रेनों के पहिए थमते ही ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गाड़ियों का हुजूम उमड़ पड़ा, जिससे सड़कों पर भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया।
Scroll to load tweet…

मेगा ब्लॉक के ठीक बाद बड़ा हादसा: यात्रियों में भारी आक्रोश

  • रविवार के मेंटेनेंस पर सवाल: यात्रियों का कहना है कि जब एक दिन पहले ही मेंटेनेंस के लिए पूरा मेगा ब्लॉक लिया गया था, तो सोमवार सुबह ही ऐसी तकनीकी खराबी कैसे हो गई?
  • रेलवे की अपील: शाम तक चार में से तीन लाइनों को बहाल कर लिया गया था। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से गुजारिश की है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर पटरियों पर न चलें।