मुंबई के फोर्ट इलाके में एक शख्स ने स्कूटर पर लड़कियों का पीछा किया और फिर सरेआम अश्लील हरकत की। लड़कियों ने उसका वीडियो बना लिया, जिसके बाद वह भाग गया। अब पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
मुंबईः क़ानून कितने भी सख्त हों, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे। घर हो या बाहर, महिलाएं आज भी कई तरह की ज्यादतियों का शिकार होती हैं। ताजा मामला मुंबई के फोर्ट इलाके का है, जहां एक शख्स ने लड़कियों का पीछा किया और फिर उनके सामने ही मास्टरबेट करने लगा। लड़कियों ने इस 'मेंटल' का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो अब वायरल हो गया है।
पीछा किया, फिर की गंदी हरकत
यह घटना साउथ मुंबई के फोर्ट इलाके में हुई। लड़कियों ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें आरोपी मुंबई रजिस्ट्रेशन नंबर वाले स्कूटर पर दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने गाड़ी के नंबर प्लेट के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लड़कियों ने बताया कि जब वे शहर में घूम रही थीं, तो एक शख्स लगातार उनका पीछा कर रहा था और अजीब तरह से घूर रहा था।
किसी भी तरह के झगड़े से बचने के लिए वे एक भीड़-भाड़ वाली और सुरक्षित जगह की तरफ चली गईं। लेकिन वह आदमी स्कूटर पर उनका पीछा करता रहा। आखिर में, वह एक पेड़ के पास रुका और लड़कियों को देखते हुए मास्टरबेट करने लगा। उसकी इस हरकत से लड़कियां और घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाकर उसका वीडियो रिकॉर्ड करने का फैसला किया। जैसे ही उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया, वह आदमी तुरंत अपना स्कूटर लेकर वहां से भाग गया। लेकिन लड़कियों ने उसकी गाड़ी का नंबर प्लेट (MH01FF 6808) वीडियो में साफ-साफ रिकॉर्ड कर लिया था।
सख्त सज़ा की मांग
यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। लड़कियों की शिकायत पर पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि आरोपी मझगांव इलाके का रहने वाला हो सकता है। फोर्ट जैसे बिजी कमर्शियल इलाके में भी अगर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो देश के बाकी हिस्सों का क्या हाल होगा, यह सवाल कई लोग उठा रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा कि कानून बनाने से कुछ नहीं होता, उन्हें सख्ती से लागू भी करना होगा। लोगों ने मांग की है कि ऐसे अपराधियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो वे कभी न भूलें।


