Rhiya Ahir News : मुंबई में नीट के प्रदर्शन के दौरान रातों रात इंटरनेट की सेंशन बनने वाली GEN Z वायरल गर्ल चर्चा में हैं। वह सोशल मीडिया पर मिल रहीं धमकियों के बाद मुंबई कमिश्नर के पास पहुंची हैं।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले महीने जुलाई 2026 में ‘GEN Z’ प्रदर्शन के दौरान वैन रोकने वाली वायरल गर्ल और मॉडल रिया अहीर फिर सुर्खियों में आ गई हैं। क्योंकि सोशल मीडिया पर उनको धमकियां मिल रही हैं। जिससे वह दुखी और डरी हुई हैं। उन्होंने पुलिस में ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रिया ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लेने की अपील की है।
रिया अहीर ने मुंबई कमिश्नर से की अपील
दरअसल, रिया अहीर ने कांग्रेस नेताओं के साथ जाकर मुंबई के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) मनोज शर्मा से मुलाकात की। जहां उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर और उनके ऑनलाइन हैरेसमेंट को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा-विरोध प्रदर्शन और उनके वीडियो के वायरल होने के बाद से उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार अपमानजनक टिप्पणियां और धमकियां मिल रही हैं। इसको लेकर उन्होंने संबंधित थाने में जाकर पुलिस में शिकायत दर्ज भी कराई। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसलिए अब सर सीधे आपके पास आई हूं।
कौन है मुबंई की ये निडर लड़की रिया अहीर
रिया अहीर पेशे से एक एक्टर, मॉडल और एंटरप्रेन्योर हैं। उनका 'रियासत' (Rhiyasat) नाम का अपना एक क्लोदिंग ब्रांड है, जिसकी फोटोज और वीडियो इंस्ट्राग्राम पर शेयर करती रहती हैं। वह बताती हैं कि उनके स्टोर पर मिलने वाले कपड़े वह खुद डिजाइन करती हैं। इसके अलावा वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बड़ी बेबाकी से अपनी बात रखती हैं। बताया जाता है कि वह कई म्यूजिक वीडियो और अलबम में काम कर चुकी हैं।
जब रिया के सामने पुलिस को पीछे हटना पड़ा
बता दें कि 27 साल की रिया अहीर पिछले महीने जुलाई में मुंबई में नीट (NEET) पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुए स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान सबसे चर्चित चेहरा बनकर उभरी। क्योंकि वह विरोध के दौरान मुंबई पुलिस की वैन के सामने डटी रही। उन्हें पुलिसने काफी हटाने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुईं। आखिर में पुलिस को पीछे होना पड़ा और पुलिस की वैन में मौजूद प्रदर्शनकारी छात्रों को आखिरकार रिहा करवा लिया। इस दौरान सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और तस्वीरें खूब वायरल हुईं। लोग उनको मुंबई की निडर लड़की कहने लगे। बता दें कि रिया ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और सोशल मीडिया दोनों पर अपनी अलग ही पहचान बनाई है।


