नवरात्रि में कोलकाता भगदड़, ग्वालियर ट्रक हादसे और बलरामपुर में कार से कुचलने की घटनाओं में 37 लोगों की मौत हुई। तेलंगाना में डांडिया हादसे में एक छात्रा की जान चली गई।
Navratri Accidents 2026: नवरात्रि के मौके पर इस बार 17 अक्टूबर को खुशियों और उत्सव का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। शनिवार को देश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आई दर्दनाक घटनाओं ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कोलकाता, ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में हुए अलग-अलग हादसों में कुल 37 लोगों की मौत हो गई। वहीं, तेलंगाना में नवरात्रि के दौरान आयोजित डांडिया में एक छात्रा की जान चली गई। इस तरह नवरात्रि के 7वें दिन अलग-अलग हादसों में 38 लोगों की मौत हुई।
कोलकाता: दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 19 लोगों की मौत
- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ मच गई।
- बताया गया कि मूसलाधार बारिश के बीच शाम करीब 7:40 बजे पंडाल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई थी।
- इसी दौरान पंडाल का एक हिस्सा ढह गया, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।
- इस दर्दनाक हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए।
- घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्वालियर: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 15 की मौत
- मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चीनोर रोड पर शीतला माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं को एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया।
- इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
- जानकारी के मुताबिक, मंदिर के पास बड़ी संख्या में श्रद्धालु जा रहे थे। इसी दौरान धान से लदा एक ट्रक अचानक बेकाबू हो गया।
- ट्रक ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिया और मंदिर की बाहरी दीवार तथा गेट से जा टकराया। इस दौरान रास्ते में मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।
बलरामपुर: दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं को कार ने रौंदा, 3 की मौत
- उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में भी नवरात्रि के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया।
- यहां दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर पर्दे पर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को एक बेकाबू कार ने कुचल दिया।
- इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
- घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
- नवरात्रि के दौरान पूजा पंडाल के बाहर हुई इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
तेलंगाना: इंजीनियरिंग कॉलेज में डांडिया के दौरान हादसा, छात्रा की मौत
- तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के नादरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में भी नवरात्रि उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
- कॉलेज परिसर में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान अचानक लाइटिंग स्टैंड गिर गया।
- इस हादसे में फर्स्ट ईयर की इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) की छात्रा सोना नारायण दास की मौके पर ही मौत हो गई।
- इस घटना में उनकी बहन मीना नारायण दास गंभीर रूप से घायल हो गईं।
- उन्हें नादरगुल के पास स्थित प्रत्युष अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे में कुल 12 छात्र घायल हुए हैं।








