नेपाल में आई भीषण बाढ़ में रसुवा ज़िले से बही बैंक की तिजोरी से नकदी लूटने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। धाडिंग ज़िले में नदी किनारे मिली तिजोरी से पुलिस ने 57 लाख से अधिक भारतीय रुपये बरामद किए हैं।
Nepal Flood Bank Safe Looted: नेपाल में आई कुदरत की भीषण तबाही के बीच एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। एक तरफ जहां पूरा देश बाढ़ और मलबे की मार झेल रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों ने आपदा को भी अवसर बना लिया। बाढ़ के पानी में रसुवा जिले के एक बैंक की तिजोरी बहकर आ गई, जिसे देखकर स्थानीय लोग मदद करने की बजाय पैसे लूटने में लग गए। हालांकि, नेपाल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले में अब तक 29 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
Nepal Flood Loot: त्रिशूली नदी किनारे मिली तिजोरी, 92 लाख नेपाली रुपये बरामद
पूरी घटना पड़ोसी जिले धाडिंग की है। नेपाल पुलिस की तरफ से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, बाढ़ के तेज बहाव में बहकर आई बैंक की यह तिजोरी धाडिंग की गल्छी ग्रामीण नगरपालिका-4 स्थित बेलखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे आकर अटक गई थी। नदी किनारे तिजोरी को देखते ही वहां मौजूद लोगों की नीयत खराब हो गई। उन्होंने मौका पाकर तिजोरी को तोड़ डाला और उसमें रखी नकदी लेकर चंपत हो गए। पुलिस ने जैसे ही तफ्तीश शुरू की, आरोपियों के पास से करीब 92 लाख नेपाली रुपये (भारतीय मुद्रा में लगभग 57.9 लाख रुपये) बरामद कर लिए गए।
Nepal Disaster Crisis: तबाही का खौफनाक मंज़र, 650 से ज्यादा मौतें
नेपाल में बीते बुधवार को आई इस भीषण बाढ़ ने तबाही मचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मध्य नेपाल में अचानक आए पानी, कीचड़ और मलबे के भारी बहाव की चपेट में आकर कई शहर और गांव पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। मकान, गाड़ियां, सड़कें और पुल सब पानी में बह गए, यहां तक कि कई हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ताजा आंकड़ों की मानें तो शनिवार तक मरने वालों का आंकड़ा 650 को पार कर चुका है, जबकि 2,400 से भी ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। बिगड़ते हालात के बीच करीब 15,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी दिन-रात राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
Nepal Weather Alert: मौसम विभाग ने जारी की भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
राहत कार्यों के बीच मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता और बढ़ा दी है। नेपाल के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि फ्लैश फ्लड से प्रभावित इलाकों में आने वाले दिनों में और तेज बारिश और आंधी-तूफान आ सकता है। इससे पहले से ही जारी संकट और बचाव कार्यों में भारी रुकावट आ सकती है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि सरकार पूरे हालात पर बारीक नजर रखे हुए है और देश को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक कोशी, बागमती और गंडकी प्रांतों के पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ लुंबिनी और सुदूरपश्चिम प्रांत के तराई क्षेत्रों में भी मूसलाधार बारिश का अंदेशा है। रसुवा के भोटेकोशी बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
नेपाल हाई अलर्ट पर, बचाव अभियान जारी
'द राइजिंग नेपाल' की रिपोर्ट के मुताबिक, जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग ने कोशी, बागमती और गंडकी प्रांतों के पहाड़ी और पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा कर्णाली के पहाड़ी इलाकों के साथ लुंबिनी और सुदूरपश्चिम प्रांतों के तराई क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक हरि प्रसाद दहल के अनुसार, रसुवा के उन इलाकों में शनिवार को मध्यम बारिश हो सकती है जो भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बचाव अभियान जारी है।


