BRICS Summit 2026 से पहले Noida Airport पर रूस के तीन सैन्य विमान उतरे। इनमें IL-76 भी शामिल है। यह नए एयरपोर्ट पर किसी विदेशी विमान की पहली लैंडिंग है, जिसे पुतिन के भारत दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है। जानिए क्यों दिल्ली के बजाय नोएडा एयरपोर्ट को चुना गया।

Russian Military Aircraft: BRICS Summit से पहले नोएडा एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह रूस के तीन सैन्य विमान उतरे। इनमें रूस की एडवांस टीम और मिलिट्री अधिकारी सवार थे। खास बात यह रही कि नए चालू हुए इस एयरपोर्ट पर किसी विदेशी विमान की यह पहली लैंडिंग थी। रूस के तीनों विमान सुबह करीब 5:30 बजे रनवे पर पहुंचे। इनमें रूस का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान IL-76 भी शामिल था। विमानों के जरिए रूस की एडवांस टीम और सैन्य अधिकारी भारत पहुंचे। रूसी विमानों की इस लैंडिंग को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे और नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS Summit की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हाई-प्रोफाइल डिप्लोमैटिक इवेंट को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी भी सुरक्षा और दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी कर रही है।

Scroll to load tweet…

Noida Airport पर पूरे दिन खड़े रहे रूसी विमान

तीनों रूसी सैन्य विमान बुधवार को पूरे दिन नोएडा एयरपोर्ट के रनवे पर खड़े रहे। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी अधिकारियों के साथ रूसी टीमें भी विमानों और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। विदेशी सैन्य विमानों के भारत आने पर आम तौर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया जाता रहा है। ऐसे में नोएडा एयरपोर्ट पर रूस के विमानों की लैंडिंग को इस नए एयरपोर्ट के लिए एक अहम शुरुआत माना जा रहा है।

BRICS Summit 2026: 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में बैठक

18वां BRICS Summit 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इसमें BRICS देशों समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार के प्रमुख हिस्सा लेंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस समिट में शामिल होने के लिए भारत आएंगे। ऐसे में नोएडा एयरपोर्ट पर रूसी सैन्य विमानों की लैंडिंग और उनकी पार्किंग को विदेशी मेहमानों की आवाजाही तथा इंटरनेशनल प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। नई दिल्ली में होने वाले इस बड़े कूटनीतिक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर खास फोकस है। नोएडा एयरपोर्ट पर रूसी विमानों का पहुंचना इसी तैयारियों के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।