Odisha Youth Congress: ओडिशा यूथ कांग्रेस ने राज्य की BJP सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और स्कूली किताबों में गलतियों को लेकर भुवनेश्वर में एक मशाल रैली निकाली गई. यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया.

Odisha Paper Leak: ओडिशा में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है. सोमवार को ओडिशा यूथ कांग्रेस (OYC) के कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर में राज्य की BJP सरकार के खिलाफ एक मशाल जुलूस निकाला. प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर छात्रों और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया.

यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस भवन से शुरू हुआ और मास्टर कैंटीन स्क्वायर की ओर बढ़ा. इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उनका गुस्सा सिर्फ़ पेपर लीक तक ही सीमित नहीं था, बल्कि स्कूली किताबों में पाई गई गलतियों को लेकर भी था.

'युवा-विरोधी है सरकार'

ओडिशा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रंजन बल ने इस प्रदर्शन की अगुवाई की. उन्होंने सरकार को 'छात्र-विरोधी' और 'युवा-विरोधी' करार दिया. रंजन बल ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन राहुल गांधी की उस अपील से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने युवाओं की आवाज़ उठाने का आह्वान किया था.

रंजन बल के मुताबिक, सरकार इन गंभीर मुद्दों पर चुप है, जिससे छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है. ज़ाहिर है, विपक्ष इस मुद्दे को आसानी से हाथ से जाने नहीं देगा. उन्होंने यह भी साफ किया कि यह सिर्फ एक शुरुआत है.

यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार इन गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. उन्होंने मांग की है कि सरकार को इन मामलों की जवाबदेही तय करनी चाहिए.