Owner Invests for Driver Housekeeper Retirement: ड्राइवर और हाउसकीपर के भविष्य के लिए मालिक ने उठाया ऐसा कदम कि सोशल मीडिया पर लोग बोले- दिल जीत लिया। जानिए पूरी कहानी।
Man Invests for Driver Housekeeper Future: घर में काम करने वाले ड्राइवर, कुक या हाउसकीपर अक्सर हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन जाते हैं। वे सालों तक परिवार की जरूरतों का ध्यान रखते हैं, लेकिन जब उम्र बढ़ती है तो उनकी अपनी आर्थिक सुरक्षा का सवाल सामने खड़ा हो जाता है। सोशल मीडिया पर सामने आई एक ऐसी ही पहल ने लोगों का ध्यान खींचा है, जहां एक व्यक्ति ने अपने कर्मचारियों के रिटायरमेंट के बारे में सोचते हुए उनके लिए निवेश शुरू किया।
जब मालिक को कर्मचारियों के भविष्य की चिंता हुई
X पर नरेश ने बताया कि उन्हें एहसास हुआ कि उनके ड्राइवर और कुक/मेड/हाउसकीपर के पास पेंशन या प्रोविडेंट फंड जैसी रिटायरमेंट सुविधा नहीं है। इसके बाद उन्होंने दोनों कर्मचारियों के लिए किसान विकास पत्र (KVP) में ₹25,000-₹25,000 का निवेश किया। उनकी सोच यहीं खत्म नहीं हुई। नरेश ने बताया कि वह आगे भी हर साल इतनी ही रकम निवेश करने के बारे में विचार कर रहे हैं। यानी मकसद सिर्फ एक बार आर्थिक मदद करना नहीं, बल्कि धीरे-धीरे कर्मचारियों के लिए भविष्य की बचत तैयार करना है।
₹10 हजार से भी शुरू हो सकती है पहल
नरेश ने दूसरे लोगों से भी कहा कि अगर उनके साथ लंबे समय से काम करने वाले कर्मचारी हैं और उनके पास रिटायरमेंट की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, तो छोटी रकम से शुरुआत की जा सकती है। उनका कहना है कि ₹10,000 जैसी राशि भी लंबे समय में किसी के लिए आर्थिक सहारा बन सकती है। नीचे देखें वायरल पोस्ट-
KVP में निवेश क्यों चर्चा में है?
Kisan Vikas Patra डाकघर की सरकारी छोटी बचत योजनाओं में शामिल है। India Post के अनुसार KVP में न्यूनतम ₹1,000 से निवेश किया जा सकता है और जमा रकम तय अवधि में दोगुनी होती है। इसकी ब्याज दर और मैच्योरिटी अवधि सरकार समय-समय पर तय करती है, इसलिए निवेश से पहले मौजूदा नियम जरूर देखना चाहिए।
नरेश की पोस्ट पर लोगों ने इस पहल को कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील सोच बताया। असल मायने में यह कहानी रकम से ज्यादा उस सोच की है, जिसमें कर्मचारी की आज की मेहनत के साथ उसके कल की सुरक्षा को भी महत्व दिया गया।
