Pakistan Navratri Viral Video: पाकिस्तान में नवरात्रि कैसे मनाई जाती है? सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मुंजी गल्हियुन नंगे पैर मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन करती, गरबा खेलती और भंडारे में प्रसाद लेती नजर आ रही हैं। वीडियो पर भारतीय यूजर्स भी दे रहे हैं शुभकामनाएं।
भारत में नवरात्रि के दौरान मंदिरों में पूजा, भजन और गरबा की धूम रहती है। लेकिन क्या आपने पाकिस्तान में नवरात्रि मनाते हिंदू परिवारों को देखा है? सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर मुंजी गल्हियुन का एक वीडियो चर्चा में है। इसमें वह नंगे पैर मंदिर पहुंचती हैं, माता रानी के दर्शन करती हैं और गरबा खेलने से लेकर भंडारे में प्रसाद लेने तक की झलक दिखाती हैं।
नंगे पैर श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं मुंजी
मुंजी गल्हियुन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर नवरात्रि के दूसरे दिन का वीडियो शेयर किया है। इसमें वह नंगे पैर कराची के श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर में प्रवेश करती नजर आती हैं। मंदिर की सजावट और माता रानी की मूर्ति दिखाने के बाद वह भजन-कीर्तन में शामिल होती हैं और खुशी से गरबा खेलती हैं। इसके बाद माता के दर्शन कर पंडित जी से जल लेती हैं।
यह भी पढ़ें: अब सिर्फ जेल नहीं, पाई-पाई वसूल करेगी पुलिस! दंगा किया तो क्या बिक जाएगी एक-एक जमीन?
भंडारे में मिला दाल-चावल और पापड़ का प्रसाद
वीडियो में नवरात्रि के दौरान मंदिर में आयोजित भंडारे की झलक भी दिखाई गई है। यहां श्रद्धालुओं को दाल-चावल और पापड़ परोसे गए। मुंजी भी प्रसाद लेती हैं और इसके बाद भंडारे में भोजन करती नजर आती हैं। उनके वीडियो में पूजा-पाठ, गरबा और सामूहिक भोजन के जरिए वहां मनाए जा रहे त्योहार की झलक मिलती है।
वीडियो पर भारतीय यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शन
इंस्टाग्राम पर @munji_galhiyun नाम से सक्रिय मुंजी सिंधी कंटेंट क्रिएटर हैं। उनके इस वीडियो को 15 लाख से ज्यादा व्यूज और 81 हजार से अधिक लाइक्स मिलने की जानकारी दी गई है। वीडियो पर भारतीय यूजर्स ने भी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने पाकिस्तानी हिंदुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं, तो कई यूजर्स ने त्योहार मनाने की आजादी और धार्मिक परंपराओं के सम्मान की बात कही। यह वीडियो दिखाता है कि सीमाओं के पार भी त्योहार लोगों को जोड़ने का माध्यम बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: विमान में खटमलों का आतंक! यात्रियों को काटा, दवा भी पड़ गई कम, रद्द करनी पड़ी ये फ्लाइट
