फिलीपींस के मनीला में पीएम नरेंद्र मोदी की ऑटो सवारी से पाकिस्तान की पोल खुल गई है। हर तरफ पाक की थू थू हो रही है। आखिर मोदी की इस सवारी पर पाकिस्तान में क्यों होने लगी चर्चा और भारतीय यूजर्स ने कैसे दिया जवाब? देखिए पूरी रिपोर्ट।
दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मनीला यात्रा के दौरान एक ऑटो की सवारी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे मोदी जब विशेष रूप से सजाए गए तीन पहियों वाले ऑटो में बैठे तो उनका वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद पाकिस्तान के कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स ने दावा किया कि मोदी जिस ऑटो में बैठे थे, वह पाकिस्तान में बना है। लाहौर के पत्रकार हम्माद हसन ने भी ऐसा ही दावा किया। लेकिन जल्द ही इस दावे की हकीकत सामने आ गई।
पाकिस्तानी दावे की खुल गई पोल
दरअसल, मोदी की ऑटो सवारी का वीडियो सामने आने के बाद कई पाकिस्तानी यूजर्स ने इसे अपने देश की उपलब्धि बताना शुरू कर दिया। दावा किया गया कि यह मेड इन पाकिस्तान ई-रिक्शा है। हालांकि, वीडियो की बारीकी से जांच करने पर ऑटो के डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर बजाज का लोगो दिखाई दिया। इससे साफ हुआ कि वाहन भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी बजाज ऑटो का था, न कि पाकिस्तान का।
साजगर कंपनी की वजह से हुआ कन्फ्यूजन
इस पूरे मामले में पाकिस्तान की ऑटोमोबाइल कंपनी साजगर का भी जिक्र सामने आया। दरअसल, पिछले महीने इस कंपनी ने फिलीपींस के लगुना में अपना पहला विदेशी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू किया था। माना जा रहा है कि इसी वजह से कुछ पाकिस्तानी यूजर्स ने मनीला में इस्तेमाल हुए ऑटो को अपने देश का बताना शुरू कर दिया। जबकि शिखर सम्मेलन में नेताओं को लाने-ले जाने के लिए बजाज के तीन पहियों वाले वाहन इस्तेमाल किए गए थे।
भारतीय यूजर्स ने सोशल मीडिया पर दिया जवाब
पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स के दावे सामने आने के बाद भारतीय यूजर्स ने भी जमकर जवाब दिया। कई लोगों ने बजाज के लोगो वाली तस्वीरें साझा कर दावे की सच्चाई दिखाई। इस तरह पीएम मोदी की ऑटो सवारी से शुरू हुआ सोशल मीडिया विवाद भारत और पाकिस्तान के यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बन गया।
पीएम मोदी 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस की यात्रा पर थे। इस दौरान उन्होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लिया।












