प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विकसित भारत, युवाओं की ताकत, आर्थिक सुधार, बैंकिंग, किसान योजनाओं और 2047 के लक्ष्य पर विस्तार से बात की।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 5 फरवरी को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। भाषण के दौरान विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि खड़गे जी की उम्र को देखते हुए उन्हें बैठकर नारे लगाने की अनुमति दी जाए। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। पीएम मोदी ने करीब 1 घंटा 27 मिनट के अपने भाषण में कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। आइए जानते हैं उनके भाषण की प्रमुख बातें।

1- विकसित भारत और 21वीं सदी का निर्णायक दौर

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ने भारत के उज्ज्वल भविष्य को लेकर भरोसा जताया है। 21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है और दूसरा क्वार्टर भारत के लिए उतना ही निर्णायक होगा, जितना पिछली सदी में आजादी का दौर था। उन्होंने कहा कि देश एक अहम मोड़ पर है और अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है।

2- युवा भारत और बढ़ता वैश्विक आकर्षण

पीएम मोदी ने कहा कि भारत दिन-प्रतिदिन युवा हो रहा है, जो देश के लिए एक बड़ा अवसर है। दुनिया भारत के टैलेंट को पहचान रही है। भारत के युवाओं के पास सपने, संकल्प और सामर्थ्य है, जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।

3- वैश्विक चुनौतियों में भारत बना उम्मीद की किरण

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की समस्याओं का समाधान देने वाले देशों में शामिल है। हाई ग्रोथ और लो-इन्फ्लेशन का संतुलन भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती दिखाता है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत को Fragile Five कहा जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।

4- नया वर्ल्ड ऑर्डर और भारत की बढ़ती भूमिका

पीएम मोदी ने कहा कि कोविड के बाद दुनिया नए वैश्विक हालात से गुजर रही है और एक नया ग्लोबल वर्ल्ड ऑर्डर बन रहा है। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद जो व्यवस्था बनी थी, अब उसमें बदलाव हो रहा है और दुनिया का झुकाव भारत की ओर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत ग्लोबल साउथ की आवाज बन चुका है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने दुनिया के 9 बड़े देशों के साथ ट्रेड डील की है। उन्होंने कहा कि पहले कोई देश भारत से डील नहीं करता था, आज हालात बदल चुके हैं।

5- कांग्रेस पर निशाना: विजन और इच्छाशक्ति की कमी

पीएम मोदी ने कहा कि लाल किले से कांग्रेस प्रधानमंत्रियों के भाषणों का विश्लेषण करने पर साफ दिखता है कि उनके पास न तो विजन था और न ही इच्छाशक्ति। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की ऐसी छवि बनाई थी, जिसे सुधारने में आज भी समय और ऊर्जा लग रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है। देश में नीतियों के आधार पर फैसले हो रहे हैं, जिससे दुनिया का भरोसा बढ़ा है। भारत अब वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार है।

6- बैंकिंग सुधार, NPA में गिरावट और मुद्रा योजना

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश का बैंकिंग सेक्टर संकट में था। आज NPA 1% से नीचे आ गया है। मुद्रा योजना के तहत 30 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बिना गारंटी लोन युवाओं को दिया गया, जिससे वे आत्मनिर्भर बने। पीएम मोदी ने कहा कि पहले PSU को बंद होने वाली संस्थाएं माना जाता था। आज वही PSU रिकॉर्ड प्रॉफिट कमा रहे हैं और देश-विदेश से बड़े ऑर्डर मिल रहे हैं। Make in India का सपना साकार हो रहा है। मोदी ने कहा, कांग्रेस ने छोटे किसानों के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई। हमने पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 4 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए गए, जिससे किसानों को नई ताकत मिली।

7- योजना आयोग से नीति आयोग तक का बदलाव

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय योजना आयोग जमीनी हकीकत से दूर था। 2014 के बाद नीति आयोग बनाया गया, जिसने तेजी से काम किया। पिछड़े जिलों में विकास पहुंचा और बस्तर जैसे इलाकों में बदलाव दिख रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘प्रगति’ प्लेटफॉर्म के जरिए 85 लाख करोड़ रुपये के अटके प्रोजेक्ट पूरे किए गए, जिनमें कई 30 साल से लटके थे।

8- कांग्रेस की सोच बनाम मोदी की सोच

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस केवल कल्पना करती है, जबकि उनकी सरकार इम्प्लीमेंटेशन पर काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने जनता को समस्या माना, जबकि उनकी सरकार मानती है कि 140 करोड़ देशवासी ही समाधान हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने राष्ट्रपति का अपमान किया और संविधान की मर्यादा तोड़ी। उन्होंने नॉर्थ-ईस्ट, सिख समुदाय और शहीद परिवारों से जुड़े बयानों पर भी कड़ा ऐतराज जताया।

9- ‘मोदी की कब्र’ वाले नारों पर जवाब

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग “मोदी की कब्र खोदने” के नारे लगाते हैं। उन्होंने कहा कि 370 हटाना, नॉर्थ-ईस्ट में शांति, आतंकवाद पर कार्रवाई और गरीबों को राहत देने जैसे फैसले इन्हें पसंद नहीं आते। यही वजह है कि ये मोदी की कब्र खोदने के नारे लगाते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले, 18 हजार से ज्यादा गांवों में बिजली पहुंची, 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर मिले। उन्होंने कहा कि सत्ता उनके लिए सेवा का माध्यम है।

10- विकसित भारत 2047 का संकल्प

पीएम मोदी ने कहा कि उनका लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पहले कोई नहीं पूछता था, मोदी उन्हें पूजता है और उनका आशीर्वाद ही मोदी की ताकत है।