दुनियाभर में जंग के हालात से भारत की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है। इसे देखते हुए PM मोदी ने लोगों से अपनी लाइफस्टाइल में 8 बड़े बदलाव करने की अपील की है। इनमें वर्क फ्रॉम होम, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल, विदेश में शादी न करना और गैर-जरूरी सोना न खरीदना शामिल है।

नई दिल्ली: दुनियाभर में चल रहे युद्धों की वजह से गैस और ईंधन की सप्लाई पर बुरा असर पड़ा है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। सप्लाई चेन में रुकावट आने से कीमतें आसमान छू रही हैं, जिसका सीधा असर देश की आर्थिक नीतियों पर पड़ रहा है। इस संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से अपनी जीवनशैली में कुछ बड़े बदलाव करने की अपील की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने कहा कि देश के लिए त्याग सिर्फ सीमा पर ही नहीं होता, एक नागरिक के तौर पर भी हम कुछ त्याग कर सकते हैं। पीएम ने ईंधन और विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए 8 सूत्रीय फॉर्मूला दिया है।

महंगाई पर काबू के लिए मोदी का प्लान

पीएम ने कहा कि विदेशी मुद्रा बचाने और ईंधन पर निर्भरता कम करके महंगाई को काबू में करने के लिए कुछ कदम उठाने जरूरी हैं। उन्होंने पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे ट्रेन, बस या फिर कार-पूलिंग का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

'वर्क फ्रॉम होम' पर फिर से जोर

पीएम मोदी ने इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EVs) के इस्तेमाल की भी सलाह दी। साथ ही, उन्होंने कहा कि जैसे कोरोना के समय ज्यादातर लोग घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) कर रहे थे, उसी तरह अब भी ईंधन और विदेशी पैसा बचाने के लिए WFH पर जोर दिया जाना चाहिए।

विदेश में नहीं, 'वेड इन इंडिया'

पीएम ने लोगों से अपील की है कि वे विदेश में जाकर शाही शादी करने के बजाय भारत में ही शादी करें। उन्होंने 'वेड इन इंडिया' पर जोर देते हुए कहा कि इससे देश का पैसा देश में ही रहेगा, स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Scroll to load tweet…

गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचें

पीएम ने कहा कि भारतीय कम से कम एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचें। अगर बहुत जरूरी न हो तो सोना खरीदने का प्लान एक साल के लिए टाल दें। भारत बड़ी मात्रा में सोना आयात करता है, और इस कदम से आयात कम करने में मदद मिलेगी।

खाने का तेल कम इस्तेमाल करें

इसके अलावा, मोदी ने परिवारों से एक खास अपील की है। भारत खाने का तेल भी काफी हद तक विदेशों से मंगाता है। उन्होंने कहा कि अगर हम खाने में तेल का इस्तेमाल कम करें तो यह हमारी सेहत के लिए भी अच्छा होगा और देश की अर्थव्यवस्था को भी सहारा मिलेगा।

'मेड इन इंडिया' प्रोडक्ट्स अपनाएं

प्रधानमंत्री ने भारतीयों से भारत में बने प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा के सामान से लेकर जूते-चप्पल और बैग जैसी चीजों में भी विदेशी ब्रांड्स की जगह अच्छी क्वालिटी वाले स्थानीय प्रोडक्ट्स को चुनें।

किसानों के लिए उन्होंने कहा कि वे खाद और केमिकल का इस्तेमाल जितना हो सके कम करें। डीजल पंप की जगह सोलर से चलने वाले पंप का इस्तेमाल करें। साथ ही, उन्होंने लोगों से विदेशी यात्राएं कम करके भारत के टूरिस्ट स्पॉट्स पर घूमने की सलाह दी है।