PM Modi Foreign Visit 2026: प्रधानमंत्री मोदी 29 अगस्त से 4 दिवसीय उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान दौरे पर हैं। वह उज्बेकिस्तान में द्विपक्षीय वार्ता के बाद किर्गिस्तान में SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान उनकी रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी मुलाकात होगी।

PM Modi Putin Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 29 अगस्त से चार दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान वह उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा करेंगे। पीएम मोदी उज्बेकिस्तान में राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर 29 और 30 अगस्त को रहेंगे। इसके बाद वह 31 अगस्त को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे, जहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

SCO समिट के दौरान पुतिन से होगी मुलाकात

पीएम मोदी की यात्रा का सबसे अहम हिस्सा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय बैठक होगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं की मुलाकात SCO शिखर सम्मेलन के दौरान होगी। बैठक में भारत और रूस के बीच संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, अन्य देशों के नेताओं के साथ होने वाली बैठकों का कार्यक्रम अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जयशंकर के मॉस्को दौरे के बाद बढ़ी हलचल

पीएम मोदी की पुतिन से मुलाकात से पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस सप्ताह मॉस्को पहुंचे थे। उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की और भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता की। ऐसे में मोदी-पुतिन वार्ता में व्यापार, रणनीतिक सहयोग और द्विपक्षीय रिश्तों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है।

SCO के 25 साल, सुरक्षा पर रहेगा फोकस

इस बार का SCO शिखर सम्मेलन संगठन की स्थापना के 25 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित हो रहा है। सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा की बदलती स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत कई देशों के नेता इसमें हिस्सा लेंगे।

सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर पर भारत का जोर

SCO सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे। इनमें क्षेत्रीय सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आर्थिक अवसर प्रमुख होंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियां SCO के गठन के मूल उद्देश्यों में शामिल रही हैं और आज भी ये क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं। भारत वर्ष 2017 में SCO का पूर्ण सदस्य बना था।

किर्गिस्तान में वर्ल्ड नोमैड गेम्स में भी शामिल होंगे मोदी

किर्गिस्तान यात्रा के दौरान पीएम मोदी छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की पारंपरिक संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित करता है। भारत के लिए मध्य एशियाई देशों के साथ सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से यह यात्रा अहम मानी जा रही है।

उज्बेकिस्तान के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर बातचीत

उज्बेकिस्तान में पीएम मोदी राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे।

ताशकंद में इन जगहों पर जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की अपनी यात्रा के दौरान ताशकंद स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्मारक भी जाएंगे। इसके अलावा वह ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज के महात्मा गांधी सेंटर का दौरा करने वाले हैं। यह पीएम मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी।