PM Modi Temple Visit: पीएम नरेंद्र मोदी ने सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे कर लिए हैं। 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के सीएम पद की शपथ ली थी। इस मौके पर केंद्रीय कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पास कर उनके विजन की तारीफ की है।
Narendra Modi 25 years in Power: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे कर लिए। इस खास पड़ाव पर उन्होंने नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और देशवासियों के कल्याण की कामना की। पीएम मोदी का सरकार के मुखिया के रूप में सफर 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के साथ शुरू हुआ था।
गुजरात से शुरू हुआ 25 साल का सफर
7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने गुजरात में लगातार तीन बार सरकार का नेतृत्व किया। वर्ष 2014 में बीजेपी को लोकसभा चुनाव में जीत दिलाने के बाद वह देश के प्रधानमंत्री बने और 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
25 साल पूरे होने पर मंदिर में की पूजा
इस ऐतिहासिक पड़ाव पर पीएम मोदी ने सरोजिनी नगर के श्री विनायक मंदिर में भगवान गणेश की पूजा और आरती की। उन्होंने देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और भारत के लोगों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
केंद्रीय कैबिनेट ने पास किया प्रस्ताव
पीएम मोदी के 25 साल के नेतृत्व के मौके पर केंद्रीय कैबिनेट ने 6 अक्टूबर को एक प्रस्ताव पारित कर उन्हें बधाई दी। प्रस्ताव में उनके गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर और विभिन्न सरकारी पहलों का उल्लेख किया गया। इसमें 'नेशन फर्स्ट' और 'सिटीजन फर्स्ट' के सिद्धांत को उनके नेतृत्व की प्रमुख विशेषता बताया गया।
गुजरात की योजनाओं से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा विजन
कैबिनेट के प्रस्ताव में गुजरात की कई पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने का भी जिक्र किया गया। इसमें लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए शुरू किए गए SWAGAT और सरकारी परियोजनाओं की निगरानी से जुड़े PRAGATI जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। प्रस्ताव में विकास, तकनीक, बुनियादी ढांचे, कल्याणकारी योजनाओं और पर्यावरण से जुड़े कार्यों को भी रेखांकित किया गया।
नेताओं ने दी पीएम मोदी को बधाई
पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी। नेताओं ने उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और देश के विकास के लिए किए गए प्रयासों को रेखांकित किया।
देशभर में हो रहे कार्यक्रम
इस अवसर पर बीजेपी और एनडीए की ओर से देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी ने 'सेवा संकल्प' से जुड़े कार्यक्रमों और यात्राओं के जरिए पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को चिह्नित किया है। दिल्ली, गुजरात और वाराणसी समेत कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
