Pratapgarh Murder: प्रतापगढ़ में पति पर पत्नी की ईंट से हत्या का आरोप लगा है। वारदात छिपाने के लिए चार बदमाशों की लूट की कहानी गढ़ी गई, लेकिन पुलिस ने करीब एक घंटे में मामले का खुलासा कर दिया।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। फतनपुर थाना क्षेत्र के पटहटिया कला गांव में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को सूचना देकर घर में चार बदमाशों के घुसने और पत्नी की हत्या करने की कहानी बताई। हालांकि जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई उसी पर टिक गई।

शराब पीकर घर आया, पत्नी से हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार अजय यादव शनिवार को शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान उसने पास पड़ी ईंट उठाकर पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद अजय कथित तौर पर घबरा गया। इसके बाद उसने खुद को बचाने के लिए घर में लूट की कहानी गढ़ने का फैसला किया।

यह भी पढ़ें: भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसे हालात की साजिश? किरेन रिजिजू के बयान से मचा बवाल

चार बदमाशों की कहानी से पुलिस को किया गुमराह

अजय ने पुलिस को बताया कि चार बदमाश उसके घर में घुसे और लूटपाट करने लगे। उसने दावा किया कि विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी। शुरुआती तौर पर पुलिस को भी यह कहानी वास्तविक लगी और जांच उसी दिशा में शुरू हुई। लेकिन घटनास्थल और परिस्थितियों की बारीकी से पड़ताल के दौरान पुलिस को कहानी में विरोधाभास नजर आने लगे। इसके बाद पूछताछ का रुख अजय की तरफ हुआ।

एक घंटे में खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

रानीगंज के सीओ प्रशांत राज हुड्डा के मुताबिक, पुलिस ने करीब एक घंटे में मामले का खुलासा कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर शराब के बाद हुए विवाद और ईंट से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस अब हत्या की पूरी परिस्थितियों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी के बयान की जांच कर रही है। लूट की कहानी क्यों और कैसे गढ़ी गई, इसे लेकर भी पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ें: दो दुकानें नहीं लिखीं तो पत्नी की हत्या? गोंडा की बेटी की गुजरात में मौत पर बवाल