गोंडा की रिद्धि शुक्ला की गुजरात के बड़ौदा में मौत के बाद पति पर दहेज हत्या का आरोप लगा है। मायके वालों का दावा है कि दो दुकानों को पति के नाम करने का दबाव बनाया जा रहा था।
गोंडा के धनईपट्टी गांव की रिद्धि शुक्ला की गुजरात के बड़ौदा में मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है। मायके वालों ने उसके पति पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि रिद्धि पर पिता की दो दुकानें पति के नाम करने का दबाव बनाया जा रहा था।
तीन साल पहले धूमधाम से हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक रिद्धि की शादी करीब तीन साल पहले ठड़क्की पट्टी निवासी दुर्गेश शुक्ला से हुई थी। शादी में परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें जारी रहीं। रिद्धि की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका पति लगातार पिता की दोनों दुकानें अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार का यह भी आरोप है कि कुछ समय पहले मारपीट में रिद्धि का हाथ तक टूट गया था।
यह भी पढ़ें: भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसे हालात की साजिश? किरेन रिजिजू के बयान से मचा बवाल
बड़ौदा ले जाने के दो महीने बाद मौत
परिवार के अनुसार दुर्गेश करीब दो महीने पहले रिद्धि को अपने साथ बड़ौदा ले गया था। वहीं उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शव को पंखे से लटका दिया गया। बड़ौदा पहुंचे परिवार के लोग रविवार को रिद्धि का शव लेकर गोंडा स्थित उसके गांव पहुंचे। शव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में भी घटना को लेकर आक्रोश फैल गया।
पति समेत तीन लोगों पर लगाए आरोप
रिद्धि की मां ने देहात कोतवाली में दी शिकायत में पति दुर्गेश शुक्ला के अलावा उसकी सास और कमलेश मिश्रा नाम के एक व्यक्ति को भी मामले में आरोपी बताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। परिवार की मांग है कि रिद्धि की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें: श्रद्धा दुबे ने क्यों छोड़ा लखनऊ? 9 दिन बाद सामने आकर बताई फरारी की पूरी वजह






