प्रयागराज माघ मेला क्षेत्र में झूंसी थाना अंतर्गत शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना हुई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस ने दो मिनट में मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रयागराज। माघ मेला क्षेत्र में फायर सर्विस की तत्परता के चलते आग की एक घटना पर समय रहते काबू पा लिया गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

झूंसी थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

प्रयागराज में मंगलवार को मेला क्षेत्र अंतर्गत थाना झूंसी, सेक्टर-05 में स्थित श्री राम नाम एवं मानव प्रचार संघ, संगम लोवर चौराहा के पास स्थित संस्था परिसर में आग लगने की घटना हुई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार विद्युत आपूर्ति के दौरान लाइट फ्लक्चुएशन के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची फायर सर्विस

घटना की सूचना शाम 5:45 बजे प्राप्त होते ही घटनास्थल के निकट ड्यूटी पर तैनात दो-पहिया फायर वाहन तुरंत मौके पर पहुंच गया। इसके बाद मात्र 02 मिनट के भीतर फायर सर्विस के कुल 06 वाहन घटनास्थल पर पहुँचे और तुरंत अग्निशमन कार्य शुरू कर दिया गया।

फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टला

माघ मेला पुलिस के अनुसार इस आगजनी की घटना में 02 छोलदारियां जलने की सूचना है। राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य संपत्ति की क्षति नहीं हुई। फायर सर्विस की त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया।

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

प्रशासन के अनुसार वर्तमान में मेला क्षेत्र में स्थिति पूर्णतः सामान्य और नियंत्रण में है। सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा के सभी इंतजाम सक्रिय हैं, जिससे श्रद्धालुओं और संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।