Pune Dahi Handi Celebration : पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके में दही हांडी का जश्न खत्म होने के बाद मातम में बदल गया। जहां एक 45 साल की महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है।

पुणे (महाराष्ट्र): पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां दही हांडी का जश्न खत्म होने के बाद, कार्यक्रम के लिए लगाया गया लोहे का ढांचा हटाते वक्त उसका एक हिस्सा 45 साल की एक महिला पर गिर गया, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटना शुक्रवार रात को हुई, जब दही हांडी का कार्यक्रम पूरा हो चुका था।

पति के साथ दही हांडी का जश्न देखने आई थी पत्नी

पिपरी-चिंचवड़ पुलिस ने बताया कि यह हादसा दही हांडी कार्यक्रम खत्म होने के बाद हुआ, जब आयोजक स्टेज का आर्च हटा रहे थे। इसके बाद तुरंत युवती को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कोली ने बताया, “ओल्ड सांगवी इलाके में विघ्नहर्ता दही हांडी मंडल का कार्यक्रम चल रहा था। दही हांडी फोड़ने के बाद, वे लोग स्टेज का आर्च हटा रहे थे। उसी समय, सलमा पठान नाम की एक महिला और उनके पति सलाउद्दीन पठान, दोनों वहां दही हांडी देखने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने पर सलाउद्दीन पठान ने अपनी पत्नी सलमा को घर चलने के लिए बुलाया। जैसे ही वह आगे बढ़ीं, वहां आर्च हटाने का काम चल रहा था। उसी आर्च की एक रॉड उन पर गिर गई और वह घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।”

पीड़ित परिवार ने नहीं किया पुलिस केस

  • पुलिस ने बताया कि महिला के परिवार ने आयोजकों के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज न कराने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा भी उसी मंडल से जुड़ा है और परिवार नहीं चाहता कि कार्यक्रम आयोजित करने वाले सदस्यों को किसी मुश्किल का सामना करना पड़े।
  • SI कोली ने आगे बताया, “सलमा पठान और सलाउद्दीन पठान का बेटा, रहीम पठान, भी उसी मंडल का कार्यकर्ता है, और वे सभी लड़के मिलकर वहां दही हांडी मनाते हैं। इसलिए, सलाउद्दीन पठान ने हमें साफ-साफ कहा है कि वे कोई शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहते। वह नहीं चाहते कि मंडल के अध्यक्ष या कार्यकर्ताओं, यानी उन लड़कों को कोई परेशानी हो। यह कोई साउंड सिस्टम नहीं था। यह आर्च की रॉड थी, जो हटाते समय गिरी। वहां कोई साउंड सिस्टम नहीं लगा था।” (ANI)