Jharkhand Student Suicide Case: रांची के बीआईटी मेसरा में एमएससी की छात्रा अंजलि का शव उसके हॉस्टल के कमरे में मिला है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन एक डायरी मिली है। इससे पता चलता है कि वह पारिवारिक समस्याओं से परेशान थी।

MSc student Anjali death Ranchi: रांची के बीआईटी (बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) मेसरा में देर रात एक सनसनीखेज घटना हुई। यहां हॉस्टल नंबर 9 में एमएससी की एक छात्रा का शव मिला है। शनिवार को पुलिस ने इसकी जानकारी दी। मरने वाली छात्रा का नाम अंजलि था। घटना की खबर मिलते ही बीआईटी थाने की पुलिस हॉस्टल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।

डायरी से खुले पारिवारिक तनाव के राज

पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, कमरे से एक डायरी जरूर मिली है। डायरी में लिखी बातों से पता चलता है कि अंजलि परिवार से जुड़ी किसी बात को लेकर काफी तनाव में थी। रांची पुलिस के मुताबिक, इसी परेशानी की वजह से शायद उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर किन हालात में उसकी मौत हुई।

रांची पुलिस ने बताया, "बीआईटी मेसरा में एमएससी की छात्रा अंजलि देर रात हॉस्टल नंबर 9 में मृत मिली। सूचना मिलने के बाद हमारी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।"

पुलिस ने आगे कहा, "हमें वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन एक डायरी मिली है। डायरी पढ़ने से लग रहा है कि वह पारिवारिक समस्याओं से जूझ रही थी और इसी वजह से शायद उसने अपनी जान दे दी।"

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और आगे की जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।