Republic Day Parade UP Tableau: गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ परेड में उत्तर प्रदेश की झांकी बुंदेलखंड की संस्कृति और प्रदेश की तेज़ विकास यात्रा को दर्शाएगी। इसमें कालिंजर दुर्ग की ऐतिहासिक गरिमा, लोककला और आधुनिक संरचनाओं का संगम देखने को मिलेगा। 

UP Republic Day 2026 Tableau: 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में इस बार भी उत्तर प्रदेश की झांकी देश-विदेश के दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार की गई यह झांकी प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और तेजी से बढ़ती विकास यात्रा को दिखाती है। इस झांकी में बुंदेलखंड की गौरवशाली संस्कृति को प्रमुखता से पेश किया गया है और साथ ही आधुनिक उत्तर प्रदेश की प्रगति को जीवंत रूप में दिखाया गया है। ये योगी सरकार के उस विजन को प्रदर्शित करती है, जिसमें विरासत का संरक्षण और विकास का संतुलन समान रूप से महत्वपूर्ण है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कालिंजर से शुरू होती विरासत की यात्रा

झांकी के आगे वाले हिस्से में कालिंजर दुर्ग की प्रसिद्ध शैल-कला कृतियों में से एक एकमुख लिंग को स्थापित किया गया है, जो बुंदेलखंड की प्राचीन आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। यह क्षेत्र की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता है। झांकी के मध्य भाग में बुंदेलखंड की हस्तशिल्प परंपराओं, मृद्भांड कला, मनका शिल्प और स्थानीय व्यापार को दिखाया गया है। ये सभी ‘एक जनपद, एक उत्पाद (ODOP) योजना’ के तहत आते हैं, जो योगी सरकार द्वारा पारंपरिक कारीगरों को बाजार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में की गई ठोस पहल का उदाहरण हैं। यह हिस्सा बुंदेलखंड की आर्थिक आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक पहचान को उजागर करता है।

पर्यटन और आस्था का संगम

झांकी के पिछले भाग में कालिंजर दुर्ग के नक्काशीदार स्तंभ और भव्य द्वार प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें पर्यटक ऐतिहासिक गलियारों का अनुभव करते नजर आते हैं। साथ ही, नीलकंठ महादेव मंदिर का भव्य स्वरूप कालिंजर की आध्यात्मिक और स्थापत्य विरासत को मजबूत करता है। बुंदेली कलाकार झांकी में लोकनृत्य प्रस्तुत करते हैं, जिससे क्षेत्र की लोकजीवन, उत्सवधर्मिता और सांस्कृतिक रंग जीवंत दिखाई देते हैं। यह दृश्य बुंदेलखंड की जड़ों से जुड़ी जीवनशैली और परंपराओं को दर्शाता है और दर्शकों को इसकी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से जोड़ता है।

विकास की नई ऊंचाइयों को छूता आधुनिक उत्तर प्रदेश

झांकी का अंतिम भाग आधुनिक उत्तर प्रदेश की तेज विकास यात्रा को दिखाता है। इसमें ब्रह्मोस मिसाइल, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक प्रगति, आधारभूत ढांचा और नवयुगीन निर्माण दिखाई देते हैं। यह साफ संदेश देता है कि योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश सांस्कृतिक जड़ों को संजोते हुए आधुनिकता और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बुंदेलखंड की झांकी न सिर्फ क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करेगी, बल्कि यह भी दिखाएगी कि परंपरा और प्रगति एक साथ चलकर प्रदेश को नए भारत की दिशा में आगे बढ़ा रही हैं।