Rishi Sunak Favourite Indian Sweets: पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक सुधा मूर्ति और स्वाति मालीवाल के साथ दिल्ली के बंगाली स्वीट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय मिठाई का स्वाद लिया। जानिए आखिर ऋषि सुनक किस मिठाई के दीवाने हैं।
Rishi Sunak Bengali Sweet House: ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक का दिल्ली दौरा सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा। ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में शामिल होने के बीच वह अपनी सास और राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति के साथ दिल्ली के मशहूर बंगाली स्वीट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने चाट, लस्सी और चाय का स्वाद लिया। लेकिन इस मुलाकात में सबसे दिलचस्प बात रही भारतीय मिठाइयों के प्रति उनका खास लगाव, जिसके चलते उन्होंने अपनी पसंदीदा मिठाइयों में शामिल रसमलाई भी ऑर्डर की।
बंगाली स्वीट हाउस क्यों पहुंचे ऋषि सुनक?
13 से 15 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में हिस्सा लेने आए ऋषि सुनक इस दौरान पुराने पसंदीदा ठिकाने पर भी पहुंचे। उनके साथ सुधा मूर्ति और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी मौजूद थीं। बंगाली मार्केट स्थित बंगाली स्वीट हाउस में उनके पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। दुकान से जुड़े पार्टनर वरजेश अग्रवाल ने भी इस खास मुलाकात के कई वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए। इनमें वह सुनक, सुधा मूर्ति और स्वाति मालीवाल का स्वागत करते नजर आए। अग्रवाल ने इस मुलाकात को प्रतिष्ठान की पूरी टीम के लिए सम्मान का पल बताया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि बंगाली स्वीट हाउस 1937 से मिठाइयों और पारंपरिक स्वाद के लिए जाना जाता है। नीचे देखें वीडियो-
ये भी पढ़ें- यूट्यूबर सौरभ जोशी की पत्नी ने डॉग बाउल से पिया पानी, रेडिट पोस्ट ने छेड़ी बहस, देखें Viral Video
रसमलाई से कुल्फी तक, भारतीय मिठाइयों के मुरीद हैं सुनक
ऋषि सुनक का भारतीय मिठाइयों के प्रति प्यार कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी वह दिल्ली के इस मशहूर स्वीट हाउस में आ चुके हैं। साल 2025 में दिवाली के आसपास भी उन्होंने यहां का दौरा किया था। इस बार दुकान पर बातचीत के दौरान उन्होंने पिछली यात्रा और दिवाली के मौके पर हुई सजावट को भी याद किया। सुनक पहले भी सार्वजनिक मंचों पर भारतीय मिठाइयों के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। NDTV वर्ल्ड समिट 2025 में उन्होंने दिवाली के खास अनुभवों का जिक्र करते हुए मिठाई को त्योहार का अहम हिस्सा बताया था। भारतीय डेजर्ट में कुल्फी भी उनकी पसंद में शामिल है। नीचे देखें वीडियो-
ये भी पढ़ें- बिना पैसों के थाईलैंड घूमने गया भारतीय यूट्यूबर, उसकी हरकत ने कटवा दी भारत की नाक!
दिल्ली दौरे पर पीएम मोदी से भी मिले ऋषि सुनक
दिल्ली में अपने प्रवास के दौरान सुनक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। उन्होंने सार्वजनिक सेवा में 25 साल पूरे करने पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। गौरतलब है कि ऋषि सुनक की शादी अक्षता मूर्ति से हुई है, जो इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति की बेटी हैं। ऐसे में दिल्ली के इस दौरे में राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय मुलाकातों के साथ परिवार के करीबियों के साथ बिताया गया यह पल भी चर्चा में आ गया।






