Rohini building collapse: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में एमसीडी स्कूल के पीछे निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। 

दिल्ली के रोहिणी इलाके से शनिवार शाम एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचकर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

रोहिणी सेक्टर-16 में अचानक गिरी निर्माणाधीन बिल्डिंग

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रोहिणी सेक्टर-16 के पॉकेट G-5 स्थित एमसीडी स्कूल के पीछे हुआ। यहां एक तीन मंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। शाम करीब 4:20 बजे इमारत अचानक ढह गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेरकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

Scroll to load tweet…

मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मलबे के नीचे कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली है। इसी आधार पर रेस्क्यू टीम सावधानी के साथ मलबा हटाने का काम कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने लोग अंदर थे और कितने लोग सुरक्षित बाहर निकल पाए हैं। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए हैं। प्रशासन ने लोगों से रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा न डालने की अपील की है।

Scroll to load tweet…

बारिश को माना जा रहा हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन इमारत की संरचना कमजोर पड़ गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, इमारत गिरने की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत अभियान चला रही हैं। प्रशासन का कहना है कि मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही नुकसान और हताहतों की सही जानकारी सामने आएगी। हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।