नासिक के फर्जी बाबा अशोक खरात यौन शोषण केस में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच, रुपाली चाकणकर का लड़कियों पर दिया एक पुराना बयान भी चर्चा में है। बता दें कि वायरल वीडियो इंटरनेट के साथ ही अब अश्लील साइट्स तक पहुंच गए हैं, जिससे पीड़ितों की परेशानी बढ़ती जा रही है।

Ashok Kharat Viral Video Case: महाराष्ट्र के नासिक में महिलाओं को झांसे में लेकर उनका यौन शोषण करने के केस में गिरफ्तार फर्जी बाबा अशोक खरात को लेकर आए दिन बड़े खुलासे हो रहे हैं। इस केस में फर्जी बाबा के साथ महाराष्ट्र महिला आयोग की पूर्व प्रमुख रुपाली चाकणकर का नाम जुड़ने के बाद ये मामला और गंभीर हो गया है। इसी बीच, रुपाली चाकणकर का 3 साल पहले लड़कियों पर दिया गया एक बयान भी काफी चर्चा में है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लड़कियों को लेकर क्या बोली थीं रुपाली चाकणकर?

तीन साल पहले अगस्त, 2023 में रुपाली चाकणकर ने महाराष्ट्र के लातूर में लड़कियों को लेकर एक आपत्तिजनक बयान दिया था, जिसकी काफी निंदा हुई थी। उन्होंने कहा था, कुछ लड़कियां प्यार में पड़कर घर से भाग रही हैं। इसका एक बड़ा कारण माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद की कमी है, जो मोबाइल फोन और नई तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल की वजह से पैदा हो रही है। उन्होंने कहा था कि जब माता-पिता और बच्चों के बीच खुलकर बात नहीं होती, तो इसका असर बच्चों के व्यवहार पर पड़ता है। इसी वजह से कुछ लड़कियां प्यार में पड़कर घर से भाग जाने जैसे गलत फैसले ले लेती हैं।

लॉकडाउन के बाद बाल-विवाह में बढ़ोतरी

रुपाली चाकणकर ने यह भी कहा था कि COVID-19 महामारी के दौरान लगाए गए लॉकडाउन के बाद महाराष्ट्र में बाल विवाह के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि, उन्होंने इस बढ़ोतरी से जुड़े कोई विस्तृत आंकड़े या समय-सीमा शेयर नहीं की थी। उन्होंने बाल-विवाह रोकने के लिए शादी के कार्ड छापने वाले संस्थानों और इस प्रक्रिया में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी, ताकि इस सामाजिक समस्या को रोका जा सके।

अश्लील साइट्स पर पहुंचे अशोक खरात के वीडियो

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अशोक खरात केस से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब अश्लील साइटों तक पहुंच गए हैं। इसके चलते पीड़ित महिलाओं और उनके परिजनों की बदनामी का डर है। कुछ पीड़ित महिलाओं का कहना है कि इसके चलते उनकी जिंदगी में भूचाल आ चुका है। कई लोगों ने बदनामी के डर से घर से बाहर निकलना ही छोड़ दिया है। बता दें कि इन वीडियो का इंटरनेट और अश्लील साइटों पर फैलना सबसे बड़ी चिंता का कारण बनता जा रहा है। इन वीडियो को साइट्स से हटाने की कोशिश की जा रही है।

कौन है अशोक खरात?

अशोक खरात नासिक जिले के सिन्नर का रहने वाला है। वो खुद को न्यूमेरोलॉजिस्ट बताता है। 17 मार्च को नासिक क्राइम ब्रांच ने एक महिला की शिकायत पर फर्जी बाबा को गिरफ्तार किया। महिला का आरोप है कि धार्मिक अनुष्ठानों का झांसा देकर खरात ने उसे नशीला पदार्थ खिलाया और बाद में उसके साथ गलत काम किया। महिला का आरोप है कि नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया।