Rupi Soren Death: झारखंड के CM हेमंत सोरेन की मां और शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का रांची के अस्पताल में निधन हो गया। सांस लेने में परेशानी के बाद उनका इलाज चल रहा था।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के परिवार पर बुधवार देर शाम दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो नेता शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का निधन हो गया। उन्होंने रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कई दिनों से बीमार थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती

जानकारी के मुताबिक, रूपी सोरेन को सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी और हालत गंभीर होने के बाद उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया था। मां की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई। इलाज के दौरान वह अस्पताल में अपनी मां के साथ मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: UPI Closed? क्यों अचानक बंद हुआ 'मुफ्त' UPI का सफर, RBI गवर्नर ने खुद बताई इसके पीछे की मजबूरी!

अस्पताल में परिवार के सदस्य रहे मौजूद

रूपी सोरेन के निधन के समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य और कई मंत्री अस्पताल में मौजूद थे। निधन की खबर सामने आते ही सोरेन परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। रूपी सोरेन लंबे समय से सोरेन परिवार का अहम हिस्सा रही थीं। उनके निधन की खबर के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी गम का माहौल है।

झारखंड के राजनीतिक गलियारे में शोक

रूपी सोरेन के निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर दुख जताया है। हेमंत सोरेन के लिए यह निजी तौर पर बेहद मुश्किल समय है। मां के निधन की खबर के बाद बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: इस दिन छा जाएगा अंधेरा! 6 मिनट तक गायब रहेगा सूरज, भारत में भी दिखेगा नजारा