Satya Niketan Building Collapse : दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पुरानी इमारत गिरने से हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके का जायजा लिया। अब तक 6 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया है। बचाव अभियान अभी भी चल रहा है।

नई दिल्ली: साउथ-वेस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत ढह गई। बिल्डिंग गिरने से दिल्ली में हड़कंप मचा गया है। हादसे का मंजर देखने के लिए सीएम रेखा गु्प्ता से लेकर क्षेत्र के सांसद, विधायक और मेयर तक मौके पर पहुंचे हैं। वहीं विपक्ष और अरविंद केजरीवाल ने इस हादसे की वजह दिल्ली सरकार पर लापरवाही बताया है।

अब तक मलबे से निकाले गए 6 लोग

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद, इमरजेंसी और डिजास्टर रेस्क्यू यूनिट्स को मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए तुरंत मौके पर भेजा गया। दिल्ली पुलिस ने बताया, "अब तक छह लोगों को बचाया गया है और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। खोज और बचाव अभियान जारी है।"

इस वजह से 5 मंजिला इमारत गिर गई

पुलिस ने यह भी बताया, "स्थानीय पूछताछ में पता चला है कि यह बिल्डिंग 40-50 साल पुरानी थी। इसमें एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं, और इसे पीजी (पेइंग गेस्ट) के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बिल्डिंग के अंदर अवैध खुदाई को भी हादसे की एक वजह बताया है।

हादसे पर क्या बोले दिल्ली मेयर

दिल्ली की मेयर प्रवेश वाही भी राहत कार्यों पर नजर रखने के लिए मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अपील की कि अभी सारा ध्यान पीड़ितों को तुरंत बचाने पर होना चाहिए। मेयर प्रवेश वाही ने कहा, "मुझे एक घंटे पहले घटना की जानकारी मिली। तब तक एम्बुलेंस आ चुकी थी। हम चाहते हैं कि बच्चे बच जाएं। सिस्टम में कई कमियां हैं, और मैं यह मानती हूं। लेकिन अभी, मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि पहले बचाव कार्य को चलने दें।

दिल्ली से सासंद बिधूडी ने हादसे पर क्या कहा…

इस घटना पर, दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने घोषणा की कि सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिधूड़ी ने कहा, “...सरकार ने एक कमेटी बना दी है। कमेटी मामले की जांच करेगी, और जैसे ही इसकी रिपोर्ट आएगी, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। घर के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है, और शायद उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।”

विधायक अनिल शर्मा मौके पर

चहल ने कहा, “...ऐसा लगता है कि मौजूदा ढांचे में बेसमेंट खोलने का काम किया जा रहा था। यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैंने स्थानीय विधायक अनिल शर्मा से बात की है, जो अभी मौके पर हैं। पूरी MCD टीम बचाव कार्यों में लगी हुई है। दिल्ली सरकार और MCD हर जरूरी मदद दे रही है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि अंदर फंसे सभी लोग सुरक्षित रहें, और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो।”डिजास्टर मैनेजमेंट टीमों, फायर सर्विस, पुलिस और सिविक अथॉरिटी का सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।