Shiva Sharma Death Case: शिवा शर्मा मौत केस में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को कोर्ट ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला अब अदालत तक पहुंच गया है। इस केस में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को कोर्ट में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद तीनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब मौत की वजह और आरोपियों की भूमिका से जुड़े कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
नागपुर से लखनऊ लाई गई श्रद्धा दुबे
यूपी STF ने मंगलवार को श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को नागपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। इसके बाद तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया गया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे श्रद्धा को हजरतगंज थाने लाया गया। इस दौरान वह अपना चेहरा हाथ से ढकती नजर आई। पुलिस के मुताबिक, तीनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। श्रद्धा से करीब छह घंटे तक सवाल-जवाब हुए। जांच टीम ने घटना वाले दिन की परिस्थितियों और शिवा की मौत से जुड़े कई सवाल पूछे।
यह भी पढ़ें: UP अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसा सांड, VIDEO शेयर कर अखिलेश ने ये क्या बोल दिया?
पूछताछ के बाद मेडिकल, मोबाइल भेजे गए फॉरेंसिक जांच में
पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों का सिविल अस्पताल में मेडिको-लीगल मेडिकल कराया। करीब 35 मिनट चली जांच में स्वास्थ्य संबंधी मानक सामान्य पाए गए। डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस इन डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के जरिए मामले की घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।
9 अक्टूबर को फ्लैट से गिरने के बाद हुई थी मौत
शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरने के बाद मौत हुई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज कराई थी। इसके बाद श्रद्धा फरार चल रही थी।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह, शिवा की मौत के हालात और श्रद्धा, रश्मि तथा दानिश की कथित भूमिका की जांच कर रही है। कोर्ट के आदेश के बाद तीनों आरोपी 10 दिन तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। मामले में आगे की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट अहम मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: कब तक फाइनल होकर दौड़ने लगेगी Prayagraj Metro? यहां समझिए मेट्रो का पूरा रूट







